
एसडीएम प्राची ठाकुर की पहल पर सुलझा धान खरीदी केंद्र का विवाद रजौटी के सिकटा पारा में बनेगा ख़रीदी केन्द्र
रुपेश गुप्ता—सीतापुर। रजौटी और ललितपुर गांव के किसानों के बीच धान खरीदी केंद्र के निर्माण स्थल को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद आखिरकार शनिवार को प्रशासनिक पहल के बाद सुलझा लिया गया।
एसडीएम प्राची ठाकुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचकर दोनों गांवों के ग्रामीणों से चर्चा की और शासकीय भूमि का निरीक्षण कर विवाद के समाधान की दिशा में पहल की।
प्रशासन की इस पहल के बाद राजोटी के नाम से स्वीकृत धान खरीदी केंद्र के लिए रजौटी सिकटा पारा में भूमि का चयन किया गया।
दरअसल, रजोटी के नाम से धान खरीदी केंद्र स्वीकृत हुआ था, लेकिन इसका निर्माण ललितपुर गांव में कराया जा रहा था। इस पर राजोटी के ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए निर्माण कार्य का विरोध किया था। ग्रामीणों का कहना था कि जब केंद्र की स्वीकृति राजोटी के नाम से मिली है तो उसका निर्माण भी राजोटी गांव में ही होना चाहिए। वहीं धान खरीदी केंद्र का लाभ राजोटी और ललितपुर दोनों गांवों के किसानों को मिलना है, लेकिन निर्माण स्थल को लेकर दोनों गांवों के किसानों के बीच आम सहमति नहीं बन पा रही थी। इसके चलते विवाद की स्थिति बनी हुई थी और निर्माण कार्य रोकना पड़ा था।

मामले के निराकरण के लिए एसडीएम प्राची ठाकुर के नेतृत्व में शनिवार को राजस्व अमला राजोटी गांव पहुंचा। एसडीएम ने दोनों गांवों के ग्रामीणों की मौजूदगी में शासकीय भूमि का निरीक्षण कराया और उपलब्ध जमीन की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद राजोटी के नाम से स्वीकृत धान खरीदी केंद्र के निर्माण के लिए सिकटा पारा स्थित शासकीय भूमि का चयन किया गया। पंचनामा में दर्ज विवरण के अनुसार खसरा नंबर 109 की कुल 5.855 हेक्टेयर शासकीय भूमि में से 2.023 हेक्टेयर भूमि का अंश भाग धान खरीदी केंद्र निर्माण के लिए चयनित किया गया है। मौके पर राजस्व अमले द्वारा पंचनामा तैयार कर भूमि चयन की कार्रवाई पूरी की गई।
एसडीएम प्राची ठाकुर की पहल और राजस्व अमले की मौजूदगी में दोनों गांवों के ग्रामीणों के समक्ष भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी होने से लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया। अब चयनित शासकीय भूमि पर ही राजोटी के नाम से स्वीकृत धान खरीदी केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, राजस्व अमले के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित राजोटी और ललितपुर दोनों गांवों के काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।













