
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला आमाटोली में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, बच्चों को बांटे मिठाई और उपहार
रुपेश गुप्ता—-सीतापुर बाल दिवस के अवसर पर विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला आमाटोली में हर्षोल्लास के साथ बाल दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के बीच उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों को मिठाई एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। शिक्षकों ने बच्चों के साथ खुशियां साझा करते हुए उन्हें बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर शिक्षा और सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व से अवगत कराया।
बाल दिवस के अवसर पर सीतापुर विकासखंड के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कहीं बच्चों को मिठाई और उपहार वितरित किए गए तो कहीं खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बाल दिवस की खुशियां मनाई गईं। पूरे विकासखंड में विद्यालयों में बच्चों के बीच उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।












