मुख्यमंत्री जी, सरगुजा संभाग में आखिर हो क्या रहा है? कहीं पांच साल के मासूम की निर्मम हत्या तो कहीं आदिवासी बेटियों से जुड़े गंभीर मामले !

मुख्यमंत्री जी, सरगुजा संभाग में आखिर हो क्या रहा है? कहीं पांच साल के मासूम की निर्मम हत्या तो कहीं आदिवासी बेटियों से जुड़े गंभीर मामले!

जशपुर के सन्ना की दिल दहला देने वाली घटना से प्रदेश में आक्रोश, तो बतौली के EMRS शिवपुर में प्राचार्य पर महिला के गंभीर आरोप, FIR और छात्राओं के 25 किलोमीटर पैदल मार्च के बाद भी उठ रहे प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल।

सरगुजा न्यूज टुडे | विशेष रिपोर्ट -सरगुजा संभाग में लगातार सामने आ रही गंभीर घटनाओं ने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं मासूम बच्चों की सुरक्षा चिंता का विषय बनी हुई है, तो कहीं आदिवासी बेटियों और महिलाओं को न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

जशपुर के सन्ना में पांच साल के मासूम की निर्मम हत्या

जशपुर जिले के सन्ना में पांच साल के मासूम की हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने के लिए राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित कई दिग्गज नेताओं के जशपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। वहीं भाजपा के पूर्व सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव भी कांग्रेस नेताओं के पहुंचने से पहले पीड़ित परिवार से मुलाकात कर चुके हैं।

लेकिन राजनीतिक दौरे और बयानबाजी से बड़ा सवाल उस मासूम को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने का है।

EMRS शिवपुर: प्राचार्य पर गंभीर आरोप, FIR के बाद भी सवाल दागदार प्राचार्य अब भी पद पर क्यों ?

दूसरी ओर सरगुजा जिले के बतौली स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) शिवपुर के प्राचार्य ओम नारायण श्रीवास्तव का मामला भी लगातार चर्चा में है।

एक महिला ने प्राचार्य पर छेड़छाड़, अशोभनीय व्यवहार, जातिसूचक अपमान और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर 31 अक्टूबर 2026 को बतौली थाने में अपराध क्रमांक 0143/2026 के तहत BNS और SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज होने की बात सामने आई है।

यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि इसी विद्यालय की छात्राओं ने 7 सितंबर को विद्यालय की अव्यवस्थाओं, मूलभूत सुविधाओं की कमी और प्राचार्य की कार्यप्रणाली के विरोध में लगभग 25 किलोमीटर पैदल मार्च कर अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाई थी।

इससे पहले प्राचार्य की गोलावंड, जिला कोंडागांव में पदस्थापना के दौरान भी विभागीय कार्रवाई और विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर विवाद सामने आए थे। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भी प्राचार्य पर लगे आरोपों और उन्हें दोबारा विद्यालय का प्रभार दिए जाने को लेकर सवाल उठाए थे।

ऐसे में सवाल है कि इतने गंभीर विवादों और शिकायतों के बाद भी इस संवेदनशील संस्थान में प्रशासनिक जवाबदेही आखिर कब तय होगी? महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे?

मुख्यमंत्री जी, सरगुजा संभाग भी आपका ही है !

एक तरफ जशपुर में पांच साल के मासूम की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, तो दूसरी तरफ बतौली के आवासीय विद्यालय में छात्राओं की समस्याएं और प्राचार्य के खिलाफ दर्ज गंभीर मामला प्रशासन के सामने चुनौती बनकर खड़ा है।

ये अलग-अलग घटनाएं हैं, लेकिन दोनों ही मामलों में सरकार और प्रशासन से जवाबदेही की अपेक्षा है।

मुख्यमंत्री जी, क्या इन मामलों पर आपका ध्यान जाएगा? क्या पीड़ित परिवारों को न्याय और आदिवासी बेटियों को सुरक्षित शैक्षणिक माहौल मिल पाएगा?

सरगुजा संभाग के लोगों को अब आश्वासन नहीं, निष्पक्ष जांच और ठोस कार्रवाई का इंतजार है।

SNT NEWS — सत्ता से सवाल, जनता की आवाज।

Picture of SNT NEWS

SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज