ब्रेकिंग सरगुजा: कबरा हाथी का खूनी तांडव बस्ती में घुसकर तीन लोगों को कुचला 80 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत दो घायल कुमकी हाथी से पकड़ने की तैयारी

कबरा हाथी का खूनी तांडव, बस्ती में घुसकर तीन लोगों को कुचला, 80 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत, दो घायल

उदयपुर। सरगुजा संभाग में आतंक का पर्याय बन चुके कबरा हाथी का खूनी तांडव लगातार जारी है। सूरजपुर और बलरामपुर जिले में अब तक 18 लोगों की जान लेने के बाद हाथी ने गुरुवार शाम उदयपुर वन परिक्षेत्र के एक गांव में घुसकर तीन लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक घटना में 80 वर्षीय महिला चिंगटी बाई की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, कबरा हाथी बुधवार से ही उदयपुर क्षेत्र के झिरमिटी के छोटे झाड़ वाले जंगल में छिपा हुआ था। सूरजपुर वन विभाग की टीम ड्रोन कैमरे के जरिए लगातार उसकी निगरानी कर रही थी। लेकिन गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे हाथी अचानक जंगल से निकलकर सीधे बस्ती में घुस गया।

इस दौरान हाथी ने घर की बाड़ी में मौजूद 80 वर्षीय चिंगटी बाई को पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया। वहीं वर्षा ठाकुर को भी कुचलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में एक अन्य व्यक्ति के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।



वन विभाग की निगरानी के बावजूद बस्ती में पहुंचा हाथी

हाथी के अचानक बस्ती में घुसने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी, लेकिन हाथी के अचानक आबादी क्षेत्र में पहुंचने से स्थिति बेकाबू हो गई।

करीब आधे घंटे तक उत्पात मचाने के बाद कबरा हाथी कर्मकट्टरा जंगल की ओर चला गया। इसके बाद जजगी, मोहनपुर, उपका, फूंगी, लक्ष्मणगढ़, महेशपुर, मानपुर और जगन्नाथपुर सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

शुक्रवार को कुमकी हाथी से पकड़ने की तैयारी

बताया जा रहा है कि वन विभाग शुक्रवार को कुमकी हाथी की मदद से इस खूंखार हाथी को पकड़ने की तैयारी कर रहा है। योजना के तहत हाथी को बेहोश कर उसके गले में रेडियो कॉलर आईडी लगाया जाएगा। इसके बाद उसे नियंत्रित कर दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने की योजना है।

लगातार हो रही जनहानि के बीच अब ग्रामीणों की निगाहें वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। बड़ा सवाल यह है कि आखिर कबरा हाथी के आतंक से ग्रामीणों को कब राहत मिलेगी ?

Picture of SNT NEWS

SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज