
किसानों को प्रति एकड़ मिलेंगे 13,839 रुपए, भाजपा किसान मोर्चा ने मिठाई खिलाकर मनाई खुशी
रुपेश गुप्ता—सीतापुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ 2026 के धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए आदान सहायता राशि देने के निर्णय पर भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की।
स्थानीय विश्राम गृह सीतापुर में किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सरकार के इस फैसले का स्वागत किया और खुशियां मनाईं।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा 12 नवंबर को जारी नए दिशा-निर्देश के अनुसार खरीफ 2026 में बोए गए धान के सत्यापित रकबे के आधार पर किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता राशि दी जाएगी। यह राशि किसानों के आधार लिंक बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी।
योजना के तहत धान की अधिकतम उपार्जन सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ निर्धारित की गई है। खास बात यह है कि यदि किसान निर्धारित सीमा से कम मात्रा में भी धान बेचता है, तब भी सत्यापित पात्र रकबे के आधार पर उसे निर्धारित सहायता राशि मिलेगी।

भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार का यह निर्णय किसानों को खेती की लागत में राहत देने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रदेश के धान उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यकर्ताओं ने किसान हित में लिए गए इस निर्णय के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया।
इस अवसर पर किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, जिला अध्यक्ष अनिल निराला उरांव, सुनील गुप्ता, तिर्लोचन सदावर्ती, राजकुमार गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, ईलू गुप्ता, खेमानिधि साह, दिलेश्वर बेहरा, विजय यादव, संगीत कंसारी, विजय गुप्ता, किशन उपाध्याय गोपाल सिंह सदानंद गुप्ता आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।













