
सिम बेचने में आगे, नेटवर्क देने में फिसड्डी जियो
सीतापुर के 100 गांवों में नेटवर्क का बुरा हाल, उपभोक्ता पैसे देकर भी सुविधा से वंचित
रुपेश गुप्ता—सीतापुर मोबाइल नेटवर्क के नाम पर बड़े-बड़े दावे करने वाली जियो कंपनी की सेवाएं क्षेत्र में उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं। क्षेत्र के करीब 100 गांवों में नेटवर्क की बदहाल स्थिति से लोग परेशान हैं। कहीं कॉल नहीं लगती तो कहीं बात करते-करते फोन कट जाता है। इंटरनेट की हालत भी ऐसी है कि जरूरी ऑनलाइन काम करना तक मुश्किल हो गया है।
हैरानी की बात यह है कि कंपनी लगातार नए सिम बेचकर उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ा रही है, लेकिन नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने और बेहतर सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है। आरोप है कि मौजूदा टावरों की क्षमता से कई गुना अधिक उपभोक्ताओं का भार डाल दिया गया है। नतीजा यह है कि आए दिन नेटवर्क जवाब दे जाता है और उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ती है।
पैसे पूरे, सुविधा आधी भी नहीं
उपभोक्ता नियमित रूप से रिचार्ज कराते हैं और इंटरनेट व कॉलिंग की सुविधा के लिए पैसे खर्च करते हैं, लेकिन जरूरत के समय नेटवर्क ही साथ नहीं देता। विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई, व्यापारियों के डिजिटल लेनदेन, ऑनलाइन आवेदन, सरकारी कामकाज और जरूरी सूचनाओं के आदान-प्रदान पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। नेटवर्क की समस्या के कारण कई बार लोगों को जरूरी काम के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है।
उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ी, नेटवर्क क्षमता नहीं
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कंपनी नए उपभोक्ताओं को लगातार जोड़ रही है तो उसी अनुपात में टावरों की संख्या और नेटवर्क क्षमता क्यों नहीं बढ़ाई जा रही है? क्या कंपनी के लिए सिर्फ सिम बेचना और रिचार्ज कराना ही प्राथमिकता रह गई है? उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देना भी कंपनी की जिम्मेदारी है। क्षेत्र के लोगों ने जियो कंपनी के उच्च अधिकारियों से नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त करने, टावरों की क्षमता बढ़ाने और प्रभावित गांवों में अतिरिक्त टावर लगाने की मांग की है। अब देखना होगा कि कंपनी उपभोक्ताओं की इस परेशानी को गंभीरता से लेती है या फिर लोग इसी तरह खराब नेटवर्क के बीच परेशान होते रहेंगे।












