
ब्रेकिंग सरगुजा -फर्जी TP से लकड़ी तस्करी का मामला: दोनों आरोपी भेजे गए जेल, वन विभाग की जांच तेज
अंबिकापुर सरगुजा SNT NEWS– सरगुजा वन विभाग द्वारा 24 अक्टूबर को फर्जी ट्रांजिट पास (TP) के जरिए लकड़ी तस्करी के मामले में पकड़े गए दोनों आरोपियों—मुख्य तस्कर प्रमोद केरकेट्टा और वाहन चालक बीरबल सिंह को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
डीएफओ IFS कुणाल मिश्रा के निर्देश पर अंबिकापुर रेंज के रामानुजगंज बैरियर पर वन अमले ने संगठित रूप से फर्जी टीपी के सहारे आम व सिलदी की अवैध लकड़ी ले जा रहे ट्रक क्रमांक JH 09 AS 2401 को सीज किया था। विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम और भारतीय वन अधिनियम की धाराओं के तहत POR क्रमांक 20625/20 दर्ज किया है।
अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों के जेल जाने के बाद भी इस संगठित सिंडिकेट को लेकर जांच लगातार जारी है। मामले में फर्जी टीपी तैयार करने वाले गिरोह और पर्दे के पीछे शामिल अन्य आरोपियों की संलिप्तता की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं, जिसके आधार पर जल्द ही अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।












