
भिलाई में क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन: पिकअप के सीक्रेट चैंबर से 4 करोड़ रुपये कैश बरामद, पीछा कर 2 तस्कर दबोचे
भिलाई विशेष संवाददाता -दुर्ग जिले की क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय स्तर पर नकदी की अवैध तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कुम्हारी टोल प्लाजा से भिलाई-तीन चरौदा तक फिल्मी अंदाज में पीछा कर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान वाहन के विशेष गुप्त चैंबर से करीब 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
नाकाबंदी तोड़कर भागा चालक, चरौदा के पास घेरा
पुलिस को गोपनीय इनपुट मिला था कि रायपुर से एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में नकदी उत्तर प्रदेश भेजी जा रही है। सूचना की पुष्टि होते ही क्राइम ब्रांच ने कुम्हारी टोल प्लाजा पर विशेष नाकाबंदी की। पुलिस को देखते ही चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और बैरिकेड्स से बचकर भागने का प्रयास किया। अलर्ट टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया और भिलाई-तीन चरौदा के पास वाहन को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया।
वाहन की बॉडी में बनाया गया था गुप्त चैंबर
शुरुआती जांच में वाहन सामान्य नजर आ रहा था, लेकिन बारीकी से तलाशी लेने पर वाहन के निचले हिस्से में बना एक गुप्त चैंबर मिला। इसे खोलने पर 500-500 रुपये के नोटों के बंडल बरामद हुए। बरामद रकम की गिनती के लिए बैंक कर्मियों और कैश काउंटिंग मशीनों की मदद ली गई, जिसमें कुल राशि लगभग 4 करोड़ रुपये आंकी गई है।
आयकर विभाग को सौंपी गई जांच
दुर्ग पुलिस ने वाहन सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी नकदी से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने आयकर विभाग (IT) और संबंधित वित्तीय जांच एजेंसियों को औपचारिक सूचना दे दी है। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि यह पैसा किसका है, किस हवाला नेटवर्क के जरिए भेजा जा रहा था और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी।












