
सूरजपुर में दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझी: ₹19 लाख के लालच में शिक्षिका और बेटे की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी और ग्रैंड विटारा कार के सुराग से पकड़ा गया आरोपी प्रवेश कुमार
लोन की रकम हड़पने के चक्कर में दिया वारदात को अंजाम, राज खुलने के डर से मासूम बेटे को भी मार डाला
विशेष संवाददाता सूरजपुर। जिले के विश्रामपुर और जयनगर थाना क्षेत्र में घटित सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। करीब 19 लाख रुपये के लोन की रकम के लालच में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके नाबालिग बेटे सुजल बरेठ की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी 36 वर्षीय प्रवेश उर्फ परवेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

जंगल और बाथरूम में मिले थे मां-बेटे के शव
मामले की शुरुआत 10 अक्टूबर को हुई, जब जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत महाबीरपुर के कोरयाबारी नर्सरी जंगल के पास सुजल बरेठ का लावारिस शव बरामद हुआ। इस घटना की तफ्तीश के दौरान पुलिस जब विश्रामपुर की ममता कॉलोनी स्थित शिक्षिका रजनी बरेठ के किराए के मकान पर पहुंची, तो वहां बाथरूम से रजनी का शव भी बरामद हुआ। एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
सीसीटीवी फुटेज और कार वॉशिंग सेंटर से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के सुपरविजन में पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल में काली टी-शर्ट और सफेद गमछा पहने एक संदिग्ध नजर आया। इसके बाद कार वॉशिंग सेंटर के फुटेज से एक संदिग्ध ‘ग्रैंड विटारा’ कार की पहचान हुई। वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी प्रवेश कुमार तक पहुंची और उसे हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
लोन के पैसे से जुड़ी थी रंजिश
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी प्रवेश कुमार की पत्नी और मृतका रजनी बरेठ एक ही स्कूल में शिक्षिका थीं। पारिवारिक परिचय होने के कारण आरोपी का रजनी के घर नियमित आना-जाना था। आरोपी को जानकारी थी कि रजनी को लगभग 19 लाख रुपये का लोन मिलने वाला है। उसने यह रकम मांगी, लेकिन रजनी के इनकार करने पर उसने गुस्से में आकर घर पर ही उनकी हत्या कर दी। इसके बाद राज छुपाने के इरादे से वह बेटे सुजल को अपनी कार में बैठाकर अंबिकापुर की ओर ले गया और राई जंगल के पास उसकी भी हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया।
वारदात में इस्तेमाल कार और साक्ष्य बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतकों के मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार, हत्या में इस्तेमाल सीमेंट के खंभे का टुकड़ा, स्टील की पानी की बोतल और चप्पलें बरामद कर ली हैं। इसके अलावा मृतका के अहम दस्तावेज और जेवरात भी जब्त किए गए हैं। पुलिस आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।













