करमा नृत्य उत्सव में शामिल हुए विधायक प्रबोध मिंज करमा आदिवासी संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक : विधायक प्रबोध मिंज

करमा नृत्य उत्सव में शामिल हुए विधायक प्रबोध मिंज
करमा आदिवासी संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक : विधायक प्रबोध मिंज
पर्री और सिंगिटाना में करमा नृत्य उत्सव का आयोजन, विधायक ने मांदर बजाकर नर्तक दल का किया अभिवादन
(रुपेश गुप्ता) जनपद पंचायत लखनपुर के ग्राम पंचायत पर्री एवं सिंगिटाना में मंगलवार को करमा नृत्य उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ग्रामीणों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर विधायक का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। उत्सव में पारंपरिक वेशभूषा में ग्रामीणों ने करमा नृत्य प्रस्तुत कर आदिवासी संस्कृति की जीवंत झलक दिखाई।
मांदर बजाकर नर्तक दल का किया अभिवादन
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रबोध मिंज ने करमा नर्तक दल का उत्साह बढ़ाने के लिए स्वयं मांदर बजाया और पारंपरिक अंदाज में उनका अभिवादन किया। मांदर की थाप पर विधायक की सहभागिता से उत्सव का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। विधायक ग्रामीणों के साथ पारंपरिक ढोल-मांदर की थाप पर करमा नृत्य उत्सव में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
करमा हमारी संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक
अपने उद्बोधन में विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि करमा आदिवासी संस्कृति, परंपरा और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। यह पर्व समाज के लोगों को एकता के सूत्र में बांधता है और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करता है। अपनी परंपराओं और लोकसंस्कृति को सहेजकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता मजबूत होती है और हमारी सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।
विधायक ने करमा नृत्य उत्सव के आयोजन के लिए समिति एवं ग्रामीणों को बधाई दी। साथ ही नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कन्हैया सोनी, चंद्रिका यादव, शिवकुमार मरावी, सरपंच श्रीमती मान कुमारी, सरपंच बिफल लकड़ा, विक्रम सिंह, अंगदेव सिंह, दिलभरोस, जनपद सदस्य श्रीमती रूपमणि गुप्ता, उपसरपंच संजय गुप्ता, निखिल मरावी, शिवनारायण गुप्ता, टिल्लू राम, सत्यनारायण एवं दलगंजन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Picture of SNT NEWS

SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज