
हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा अभियान में बच्चों को कराया नेवता भोज
हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा अभियान में बच्चों को कराया नेवता भोज
विधायक प्रबोध मिंज ने बच्चों को अपने हाथों से खिलाया भोजन, पोषक आहार को लेकर किया जागरूक !
लुण्ड्रा– विकासखंड लुण्ड्रा भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला सरगुजा के तत्वावधान में ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ मुनगा को दैनिक आहार का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत नेवता भोज से हुई। नेवता भोज कार्यक्रम के तहत विधायक प्रबोध मिंज ने आंगनबाड़ी के बच्चों को अपने हाथों से भोजन कराया। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर बातचीत की और उनके साथ सहज माहौल में समय बिताया। इस दौरान बच्चों में भी काफी उत्साह नजर आया।
पोषक आहार को लेकर बच्चों ने किया जागरूक
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी के बच्चों द्वारा पोषक आहार के संबंध में जागरूकता संदेश दिया गया। बच्चों ने पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व को बताया और स्वस्थ शरीर के लिए पोषणयुक्त भोजन को जरूरी बताया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी बच्चों और अभिभावकों को नियमित एवं संतुलित आहार लेने के लिए प्रेरित किया।
स्टॉलों का किया अवलोकन
कार्यक्रम स्थल पर पोषण एवं मुनगा आधारित विभिन्न स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों में पोषक आहार और मुनगा से तैयार विभिन्न खाद्य सामग्रियों को प्रदर्शित किया गया। विधायक प्रबोध मिंज ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और वहां प्रदर्शित सामग्री के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मुनगा सहित स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने के महत्व पर भी चर्चा की।
आंगन मिलन में कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान ‘आंगन मिलन’ का भी आयोजन किया गया। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सम्मान किया गया। विधायक ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा दीदियां ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों और महिलाओं तक पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस दौरान पोषण को लेकर हल्का-फुल्का संवाद भी हुआ। बच्चों के पोषण, महिलाओं के स्वास्थ्य तथा परिवारों में संतुलित आहार की आदत विकसित करने को लेकर चर्चा की गई।
घर-घर मुनगा लगाने का संदेश

हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत लोगों को अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने और उसकी पत्तियों को भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध मुनगा को आहार में शामिल कर परिवार के पोषण स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किया जा सकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और उनके परिवारों के साथ-साथ आम लोगों को भी पोषण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। आयोजन में नेवता भोज, पोषण जागरूकता, स्टॉल प्रदर्शनी, आंगन मिलन और सम्मान कार्यक्रम के माध्यम से अभियान के संदेश को लोगों तक पहुंचाया गया।













