
भैयाथान में PWD की बड़ी लापरवाही: सलका-अधिना मुख्य मार्ग बना धूल का बवंडर, ग्रामीणों में आक्रोश, जनपद सदस्यों ने दिया 7 दिन में चक्का जाम का अल्टीमेटम
सलका अघिना सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर राजेश गुप्ता -विकासखंड भैयाथान अंतर्गत सलका-अधिना मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति और PWD विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों का जीना दुश्वार हो गया है। सड़क पर उड़ रही धूल से लोग बीमार हो रहे हैं, और प्रशासन मौन साधे बैठा है।
मामला क्या है:
ग्राम पंचायत सलका-अधिना के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक-20 के पूर्व सभापति अभय प्रताप सिंह और सभापति दुलारी देवी ने इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भैयाथान को लिखित आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया है।
पत्र में उल्लेख है कि बरसात से पूर्व PWD विभाग द्वारा सड़क पर डस्ट डालकर छोड़ दिया गया था । बरसात खत्म होने के बाद अब वाहनों के चलने से भारी मात्रा में धूल उड़ रही है।
ग्रामीणों को हो रही परेशानी:
– सड़क पर आवागमन में भारी दिक्कत
– सड़क किनारे की दुकानों में धूल जमने से सामान खराब
– ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर बुरा असर, आंख-नाक में संक्रमण और सांस की बीमारियां फैलने का खतरा
– पूर्व में PWD अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं
7 दिन का अल्टीमेटम:
जनपद सदस्यों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि 07 दिवस के भीतर समस्या का निराकरण किया जाए। यदि समय पर सड़क की धूल की समस्या दूर नहीं की गई, तो समस्त क्षेत्रवासी सलका-अधिना मुख्य मार्ग पर चक्का जाम करने को बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।












