350 चित्रों में दिखा बच्चों का विकसित भारत, 10 उत्कृष्ट चित्र जिला स्तर के लिए चयनित

350 चित्रों में दिखा बच्चों का विकसित भारत, 10 उत्कृष्ट चित्र जिला स्तर के लिए चयनित

सेवा संकल्प अभियान के तहत भैयाथान में चित्रकला प्रतियोगिता का विकासखंड स्तरीय संकलन

सूरजपुर/भैयाथानSNT NEWS :– सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड भैयाथान के स्कूलों में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता का विकासखंड स्तरीय संकलन कार्यक्रम 28 सितंबर को संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत 2047’ और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सेवा के 25 वर्ष’ के उपलक्ष्य में सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण की थीम पर जिलेभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में भैयाथान विकासखंड के विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सुलोचनी पैकरा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह, जनपद पंचायत सदस्य एवं सदस्य प्रतिनिधि, विकासखंड शिक्षा अधिकारी फुल साय मरावी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और शिक्षक उपस्थित रहे।

18 सितंबर को आयोजित प्रतियोगिता के प्रथम चरण में प्रत्येक विद्यालय से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले चित्रों का चयन किया गया था। 28 सितंबर को विकासखंड स्तर पर इन चित्रों का संकलन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों से लगभग 350 चित्र प्राप्त हुए।

विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत 2047’ पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को अपनी कला के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता ने कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

विकासखंड स्तर पर प्राप्त लगभग 350 चित्रों में से 10 उत्कृष्ट चित्रों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। इनमें प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के 5 तथा हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर के 5 चित्र शामिल हैं। चयनित चित्रों को आगामी मूल्यांकन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेजा जाएगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों और उनके शिक्षकों को बधाई दी तथा बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निरंतर प्रोत्साहित करने की बात कही।

Picture of Rupesh Gupta

Rupesh Gupta

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज