
पारिवारिक विवाद में ससुर की हत्या, दामाद समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
किराए का मकान देखने के बहाने घर पहुंचे थे तीन आरोपी, चाकू से किया प्राणघातक हमला; इलाज के दौरान हुई मौत
अंबिकापुर। रसूलपुर में किराए का मकान देखने के बहाने घर में घुसकर एक व्यक्ति पर चाकू से प्राणघातक हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम ने चंद घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और पूर्व रंजिश सामने आई है। मामले में मृतक के दामाद को साजिश का मुख्य आरोपी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:15 बजे रसूलपुर निवासी सादिया शारीन सिद्दीकी के घर तीन अज्ञात व्यक्ति किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे थे। तीनों ने सादिया के पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान के संबंध में बातचीत की। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू से उन पर गंभीर हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल वसीरुद्दीन सिद्दीकी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
तलाक के मामले को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक की बेटी का उसके पति मो. नाजिम शबा के साथ तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पूर्व में नाजिम शबा द्वारा केस वापस नहीं लेने पर पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 647/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
5 लाख रुपये में हत्या की सुपारी देने का पुलिस का दावा
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान नामजद आरोपी मो. नाजिम शबा (30) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने अपने ससुर की हत्या कराने के लिए एक व्यक्ति से 5 लाख रुपये में सौदा तय करने और झारखंड के चैनपुर-पलामू से कंचन कुमार समेत अन्य आरोपियों को अंबिकापुर बुलाने की बात बताई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अजिरमा में गुड्डू उर्फ नेजारूउद्दीन के किराए के कमरे में कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई और घटना वाले दिन तीनों आरोपी एक मोटरसाइकिल से रसूलपुर पहुंचे थे।
झारखंड से आया आरोपी भी गिरफ्तार
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कंचन कुमार (28), निवासी किनी इंद्रानगर, थाना चैनपुर, जिला पलामू, झारखंड को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कंचन ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास छिपाई गई टीवीएस मोटरसाइकिल, घटना के दौरान पहने गए खून लगे कपड़े और बस टिकट जब्त किए गए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू (32), निवासी तकिया पानी टंकी, रनपुर, अंबिकापुर को भी गिरफ्तार किया है।
हत्या की धारा समेत साजिश और साक्ष्य छिपाने की धाराएं जोड़ी गईं
पुलिस के अनुसार, घायल की मौत होने के बाद मामले में धारा 103(1) BNS जोड़ी गई। वहीं आपराधिक साजिश और साक्ष्य छिपाने के आरोप में धारा 61(2) और 238 BNS भी जोड़ी गई हैं। मामले में पहले दर्ज धारा 109(1), 3(5) BNS एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत भी विवेचना जारी है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह सहित थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम सक्रिय रही। पुलिस के अनुसार, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के सीमावर्ती मार्गों पर नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाया गया था।












