
नगर में जगह-जगह विराजे गणपति, मेन रोड पर केदारनाथ धाम की तर्ज पर सजा भव्य पंडाल
दूर-दूर से पहुंच रहे श्रद्धालु, आकर्षण का केंद्र बना गणेश उत्सव
(रुपेश गुप्ता) सीतापुर नगर में गणेश उत्सव की धूम है। जगह-जगह गणपति बप्पा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। गणेश पंडालों को आकर्षक रूप से सजाया गया है। श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।
सीतापुर मेन रोड स्थित गणेश उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष भव्य गणपति पंडाल का निर्माण कराया गया है। समिति ने पंडाल को केदारनाथ धाम मंदिर की तर्ज पर तैयार किया है। मंदिरनुमा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंडाल की भव्य सजावट और आकर्षक स्वरूप को देखने के लिए दूर-दूर से भक्त सीतापुर पहुंच रहे हैं।
दर्शन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु
गणपति पंडाल में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की जा रही है। सुबह-शाम आरती में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। गणेश उत्सव को लेकर नगर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उत्साह के साथ गणपति बप्पा के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।
समिति द्वारा पंडाल को आकर्षक बनाने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है। केदारनाथ धाम की तर्ज पर बनाए गए पंडाल को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह है।












