
रामानुजगंज पीजी कॉलेज में बढ़ीं स्नातकोत्तर की सीटें
SHAIF FIRDOUSI रामानुजगंज – शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातकोत्तर कक्षाओं की स्वीकृत सीटों में वृद्धि को राज्य सरकार ने मंजूरी प्रदान की है। सांसद चिंतामणि महाराज द्वारा उच्च शिक्षा मंत्री को किए गए अनुरोध के बाद यह स्वीकृति मिली है।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सत्र 2026-27 में महाविद्यालय के हिंदी, इतिहास और समाजशास्त्र विषय में सीटें 20 से बढ़ाकर 40, राजनीति विज्ञान में 25 से बढ़ाकर 40 तथा एम.कॉम. में 20 से बढ़ाकर 40 कर दी गई हैं। सीटों में वृद्धि से रामानुजगंज सहित आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अधिक अवसर मिलेंगे। सीमित सीटों के कारण विद्यार्थियों को दूसरे स्थानों पर जाने की समस्या भी कम होगी।
सांसद चिंतामणि महाराज ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सीटों में वृद्धि से क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी और इसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा।













