
(Rupesh gupta)-सीतापुर में लगातार हो रही चोरी एवं उठाईगिरी की घटनाओं के विरोध में पीड़ित परिवार एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा शुरू किया गया धरना प्रदर्शन गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में कोई ठोस सफलता अथवा संतोषजनक जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि अब तक किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी पीड़ा और संवेदनाओं को समझने का प्रयास तक नहीं किया। इससे पीड़ित परिवार एवं आंदोलनकारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसी बीच बुधवार को सीतापुर बाजार में एक महिला का मंगलसूत्र चोरी होने तथा बस स्टैंड से एक अन्य महिला की चेन चोरी/उठाईगिरी की घटना सामने आने की बात कही जा रही है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से नागरिकों एवं व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर भय का माहौल है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अब ऐसा प्रतीत होता है कि चोरों के मन में पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है और दिनदहाड़े भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।

अधिवक्ता संघ ने किया अनिश्चितकालीन हड़ताल का समर्थन
पुलिस की कथित उपेक्षापूर्ण कार्रवाई एवं बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर अधिवक्ता संघ सीतापुर ने भी व्यापारी संगठन एवं पीड़ित परिवार द्वारा किए जा रहे अनिश्चितकालीन हड़ताल/आंदोलन का समर्थन किया है।
अधिवक्ता संघ की ओर से जारी समर्थन पत्र में कहा गया है कि सीतापुर में अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। रात में होने वाली चोरी की घटनाओं के साथ अब दिन के उजाले में भी चोरी एवं उठाईगिरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। संघ ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने की मांग की है।
अधिवक्ता संघ ने कहा कि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन में व्याप्त भय एवं आशंका को दूर करने के लिए पुलिस प्रशासन को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।
आमरण अनशन की तैयारी की चेतावनी
धरना स्थल पर आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी के सामान की बरामदगी को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं करता है, तो आमरण अनशन आंदोलन का अंतिम विकल्प हो सकता है। इस संबंध में आंदोलनकारियों ने उपस्थित लोगों एवं संगठनों से सहमति मांगी है।
आंदोलनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाना और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है। जब तक पुलिस प्रशासन मामले में ठोस कार्रवाई नहीं करता, आंदोलन जारी रहेगा।
व्यापारी संगठन एवं अधिवक्ता संघ ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीतापुर में बढ़ती चोरी एवं उठाईगिरी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाया जाए, आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वरिष्ठ अधिकारी स्वयं हस्तक्षेप करें।


Author: SNT NEWS
आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416











