Surguja News Today

कृषि महाविद्यालय ऑडिटोरियम अंबिकापुर में जैविक एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला सम्पन्न

कृषि महाविद्यालय ऑडिटोरियम अंबिकापुर में जैविक एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला सम्पन्न

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में किसानों ने प्राकृतिक खेती अपनाने की ली शपथ

अंबिकापुर, सरगुजा। देश के प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा कृषि महाविद्यालय ऑडिटोरियम, अंबिकापुर में जैविक एवं प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला एवं किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज रहे। कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक एवं किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अनिल अग्रवाल, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया तथा किसान मोर्चा उपाध्यक्ष एवं जिला कार्यक्रम संयोजक श्री जिजेश्वर पाठक विशेष रूप से मंचासीन रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भगवान बलराम के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

कार्यशाला में कृषि विशेषज्ञों एवं वैज्ञानिकों ने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती के लाभों की विस्तृत जानकारी दी। किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन, मृदा संरक्षण, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के उपायों से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में लगभग 500 किसानों तथा 200 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कृषि विभाग सरगुजा, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) अंबिकापुर, उद्यानिकी विभाग सरगुजा एवं सहकारिता विभाग सरगुजा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक पाण्डुराम पैंकरा ने जैविक खेती विषय पर तथा विषय वस्तु विशेषज्ञ (एस.एम.एस.) वीरेन्द्र कुमार ने प्राकृतिक खेती पर विस्तार से जानकारी प्रदान की।

कृषक वक्ता अनिमा खेस ने अपने अनुभव साझा करते हुए जैविक एवं प्राकृतिक खेती से जुड़े जीवन अनुभवों को किसानों के समक्ष रखा। उन्होंने खेत की मेड़ एवं मुहाने पर गोबर कंडा आधारित सरल प्राकृतिक खेती की सफल विधि बताकर किसानों को प्रेरित किया।

कार्यक्रम में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिल निराला ने स्वागत उद्बोधन दिया। निलेश सिंह ने जैविक खेती के महत्व पर प्रकाश डाला। मुन्नालाल चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्षों की उपलब्धियों पर अपने विचार व्यक्त किए। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने भाजपा सरकार की किसान हितैषी योजनाओं एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, प्राकृतिक खेती के महत्व तथा सरगुजा क्षेत्र में कृषि विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाकर स्वस्थ, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी किसानों ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने तथा इसके प्रचार-प्रसार की सामूहिक शपथ ली।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज