नाबालिग छात्र ने घर में फांसी लगाकर दी जान

कुछ दिन पहले अश्लील हरकत के मामले में तीन आरोपी गए थे जेल, विधायक रामकुमार टोप्पो ने परिजनों से मिलकर दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन

रुपेश गुप्ता—सीतापुर। क्षेत्र में महामाया पारा निवासी नाबालिग छात्र की फांसी लगाने से मौत हो गई। शनिवार भोर में छात्र ने अपने कमरे में पंखे से फांसी लगा ली। सुबह परिजनों ने उसे कमरे में फंदे पर लटका देखा। इसके बाद उसे नीचे उतारकर उपचार के लिए सीतापुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

12वीं का छात्र था नाबालिग
जानकारी के अनुसार, मृतक देवगढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में कक्षा 12वीं में पढ़ाई करता था। कुछ दिन पहले उसके साथ कथित अश्लील हरकत का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। घटना के बाद छात्र कई दिनों तक स्कूल नहीं जा रहा था। हालांकि, पिछले दो-तीन दिनों से उसने फिर स्कूल जाना शुरू किया था।

विधायक ने परिजनों को दी सांत्वना
छात्र की मौत की सूचना मिलने पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया।

जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और इससे जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
छात्र की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।

Picture of Shaif firdousi

Shaif firdousi

KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज