
नायब तहसीलदार प्रकरण में दो आरोपियों की गिरफ्तारी, विवाद सुलझने की ओर बढ़ा मामला
राजस्व विभाग की तीन दिवसीय हड़ताल से आमजन प्रभावित
सीतापुर, सरगुजा। थाना सीतापुर में दर्ज अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत चल रही जांच में पुलिस ने नामजद दो आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। मामले की विवेचना अभी जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उप तहसील राजापुर-मैनपाट में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर थाना सीतापुर में दिनांक 27 मई 2026 को अपराध क्रमांक 190/2026 धारा 221, 121(1), 132 एवं 191(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान बुधवार 3 जून 2026 को प्रकरण के नामजद आरोपी नाजीम रजा (34 वर्ष), निवासी ग्राम पेट एवं पंकज गुप्ता (30 वर्ष), निवासी ग्राम कोटछाल ने पुलिस के समक्ष उपस्थित होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार प्रकरण अभी विवेचनाधीन है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस गिरफ्तारी के बाद माना जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से चल रहे विवाद के समाधान की दिशा में स्थिति आगे बढ़ रही है। हालांकि मामले को लेकर राजस्व विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा पिछले तीन दिनों से जारी हड़ताल का असर आम जनता पर स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।
हड़ताल के कारण नामांतरण, सीमांकन, राजस्व अभिलेखों से संबंधित कार्य, प्रमाण पत्रों का निराकरण तथा अन्य राजस्व सेवाएं प्रभावित हुई हैं। दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों और किसानों को भी विभिन्न कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि गिरफ्तारी के बाद राजस्व विभाग की हड़ताल समाप्त होती है या नहीं, ताकि प्रशासनिक कार्य सामान्य हो सकें और आम लोगों को राहत मिल सके। वहीं पुलिस और प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच पूरी करने में जुटे हुए हैं।














