Surguja News Today

Breaking -10 साल के मासूम की मौत पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर ने गठित की जांच समिति

कलेक्टर के निर्देशन में हसौद में बालक की मृत्यु के मामले की होगी विस्तृत जांच, जांच कमेटी गठित

सक्ती,SNT NEWS 05 मार्च 2026 कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनों ने विकासखंड जैजैपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत हसौद में 10 वर्षीय बालक की हुई मृत्यु की घटना के संज्ञान में आते ही तत्काल जांच कमेटी गठित करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए है। कलेक्टर श्री तोपनो के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल द्वारा गठित जांच कमेटी उक्त मामले की तथ्यात्मक, निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच सुनिश्चत करेगी।
      कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनों ने इस दु:खद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। उन्होंने कहा है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता में है, ताकि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके और इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। कलेक्टर ने कहा कि लोगों के जीवन से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगे कहा कि जिला प्रशासन इस प्रकरण को पूरी गंभीरता से देख रहा है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जांच प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो।
          मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पूजा अग्रवाल से प्राप्त जानकारी अनुसार मामले की जांच के लिए गठित समिति में जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. पी. सिंह कंवर, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.के. राज, जिला नोडल अधिकारी नर्सिंग होम एक्ट डॉ. सुदर्शन भारद्वाज, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमाशंकर साहू तथा सहायक ग्रेड-03 धनश्याम सुमन को शामिल किया गया है। समिति को निर्देशित किया गया है कि वह पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करे। सीएमएचओ डॉ. पूजा अग्रवाल ने बताया कि जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी पहलुओं, उपचार प्रक्रिया, संबंधित परिस्थितियों तथा उपलब्ध तथ्यों का समग्र रूप से परीक्षण किया जाएगा। समिति द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, जवाबदेही और स्वास्थ्य सुविधाओ को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग सतत रूप से प्रयासरत है।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज