Surguja News Today

नगर पंचायत जरही में कांग्रेस पार्षदों का जोरदार विरोध, गेट जाम कर जताया आक्रोश

नगर पंचायत जरही में कांग्रेस पार्षदों का जोरदार विरोध, गेट जाम कर जताया आक्रोश
पक्षपात और विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप, पुलिस बुलाने पर और भड़का विवाद !
सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर राजेश गुप्ता
सूरजपुर जरही — नगर पंचायत जरही में मंगलवार को कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं पार्षदों ने पक्षपात और उपेक्षा के आरोपों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस पार्षद नगर पंचायत कार्यालय के मुख्य गेट के सामने खड़े हो गए और कार्यालय का ताला नहीं खुलने दिया। सुबह करीब 11:30 बजे तक नगर पंचायत का गेट बंद रहा, जिससे कार्यालयीन कार्य प्रभावित हुआ।

कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि नगर पंचायत के जिम्मेदारों द्वारा उनके साथ लगातार पक्षपात किया जा रहा है। उनका कहना है कि कांग्रेस समर्थित पार्षदों के वार्डों में विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही है, जबकि अन्य दल के पार्षदों के वार्डों को प्राथमिकता दी जा रही है। पार्षदों ने बताया कि उन्होंने अपने-अपने वार्डों के विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव नगर पंचायत को सौंपे थे, लेकिन राशि आवंटन के समय भेदभाव किया गया। आरोप है कि जिन वार्डों में कांग्रेस पार्षद हैं, वहां केवल छोटे-मोटे कार्य दिए गए, जबकि अन्य वार्डों को अधिक फंड उपलब्ध कराया गया।

उपाध्यक्ष के साथ भी उपेक्षा का आरोप

कांग्रेस की उपाध्यक्ष उर्मिला राजवाड़े ने आरोप लगाया कि उपाध्यक्ष पद पर होने के बावजूद उनके साथ शुरुआत से ही उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाया गया। उन्होंने बताया कि उनके कक्ष में बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई गईं। यहां तक कि नेम प्लेट भी काफी समय बाद लगाई गई, जिससे उनकी जिम्मेदारी और पद की गरिमा को नजरअंदाज किया गया।

जनप्रतिनिधियों की अनदेखी का आरोप

वरिष्ठ पार्षद सिद्धनाथ शर्मा ने कहा कि नगर पंचायत में पीआईसी का गठन नहीं किया गया है और कार्यों का संचालन मनमाने ढंग से किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिषद की बैठकों में भी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं सुना जाता और चुने हुए जनप्रतिनिधियों की भूमिका को सीमित किया जा रहा है। उनका कहना है कि नगर पंचायत के जिम्मेदार स्वयं निर्णय लेकर कार्य कर रहे हैं, जिससे पारदर्शिता और समानता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि पक्षपातपूर्ण रवैया नहीं बदला गया और सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य नहीं कराए गए, तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में रहे उपस्थित

इस दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष उर्मिला राजवाड़े, वरिष्ठ पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, तुलसी सिंह, मधु पवन साय, करीना राजवाड़े, सुमित सोनी, राहुल जायसवाल सहित निर्दलीय पार्षद निशा बीजू दासन मौजूद रहे।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज