
पुल के पास घायल अवस्था में मिले युवक की मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
बतौली बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलमा निवासी युवक लालचंद प्रजापति उर्फ गौतम (34 वर्ष) की रविवार शाम मौत हो गई। यह घटना शांतिपारा पुल के पास की है। स्वजनों के हत्या किए जाने के आरोपों के बीच पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 6 बजे डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मियों ने गुजरते समय शांतिपारा पुल के पास एक युवक को गिरे हुए अवस्था में देखा था। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि युवक गंभीर रूप से घायल है और उसकी सांस चल रही थी। पुलिस कर्मियों ने बिना देरी किए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बतौली पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। ड्यूटी पर तैनात रात्रिकालीन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर फैलते ही गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। शव को रातभर पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया तथा परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने इस मौत को दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। थाना प्रभारी विवेक सेंगर ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए संबंधित लोगों से पूछताछ की गई है।उधर पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. गणेश बेक के अनुसार मृतक के सिर में दो स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं।एक कनपटी के पास और दूसरा हाथ की उंगलियों के समीप। प्रारंभिक चिकित्सकीय परीक्षण में किसी प्रकार की मारपीट से मृत्यु की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार भी यह मामला प्रथम दृष्टया दुर्घटना का प्रतीत होता है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही स्पष्ट होगा।


पुलिस ने उस व्यक्ति से भी पूछताछ की है, जिसके साथ मृतक के पैसे के लेन-देन की बात सामने आई थी। फिलहाल किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता के ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी। इन सबके बीच स्वजन पूरे दिन हत्या की आशंका जताते रहे और पुलिस से भी गंभीरता पूर्वक जांच करने और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करते रहे ।पूरे दिन गहमा गहमी का माहौल भी बना रहा।
Author: Shaif firdousi
KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !









