
सरगुजा ACB की टीम ने सूरजपुर जिले के प्रेमनगर में पदस्थ आरईएस के SDO ऋषिकांत तिवारी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते बुधवार शाम रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पकड़े गए एसडीओ के घर भी एसीबी की टीम ने पहुंचकर जांच की। एसडीओ के घर से 2.27 लाख रुपये नगदी,52 लाख रुपये की एफडी एवं जेवरात सहित जमीनों के दस्तावेज मिले हैं। एसडीओ के बैंक एवं बीमा योजनाओं में लाखों रुपये जमा मिले हैं। ACB इसकी विस्तृत जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के प्रेमनगर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम नवापारा खुर्द निवासी दिगंबर सिंह ने आरईएस के SDO ऋषिकांत सिंह के खिलाफ सरगुजा ACB में शिकायत की थी। दिगंबर सिंह की निजी भूमि पर प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत तालाब निर्माण के लिए माह जून 2025 में 1.82 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी। निर्माण का मूल्यांकन आरईएस विभाग को किया जाना था। मूल्यांकन करने एवं रिपोर्ट तैयार करने के लिए SDO ऋषिकांत तिवारी ने 15 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी।

SDO के घर पहुंची ACB की टीम
दिगंबर सिंह के निवास पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेते SDO ऋषिकांत तिवारी को ACB ने गिरफ्तार किया। ACB की टीम उन्हें साथ लेकर अंबिकापुर स्थित ऋषिकांत तिवारी के घर पहुंची। उसके घर से ACB की टीम ने 2.27 लाख रुपये नगद, मकान, जमीनों के दस्तावेज, बैंक एवं बीमा के दस्तावेज, सोने-चांदी के आभूषण जब्त किया है।
ACB के DSP प्रमोद कुमार खेस ने बताया कि जब्त नगदी को SDO ऋषिकांत सिंह ने हाल ही में रिश्वत के रूप में हितग्राहियों से वसूलना बताया है। उसके पास से 52 लाख रुपये की एफडी मिली है। बैंक एवं बीमा योजनाओं में लाखों रुपये जमा हैं, जिसका डिटेल निकाला जा रहा है।
ACB की टीम ने आरोपी SDO ऋषिकांत तिवारी को गुरुवार को सूरजपुर कोर्ट में पेश कर दिया है।
सरपंच-सचिवों ने मनाया जश्न
आरईएस के SDO ऋषिकांत तिवारी लंबे समय से प्रेमनगर इलाके में एसडीओ के पद पर पदस्थ थे। एक माह पूर्व वे पदोन्नत हुए हैं। एसडीओ के रिश्वत लेते ट्रेप होने के बाद प्रेमनगर क्षेत्र के सरपंच-सचिवों ने पटाखे फोड़कर जश्न भी मनाया। पंचायतों के मूल्यांकन का कार्य ऋषिकांत तिवारी करता था। उसकी मनमानी से सरपंच-सचिव परेशान थे।

Author: Shaif firdousi
KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !









