Surguja News Today

कागज़ों में सीमित जल जीवन मिशन – निर्माण कार्य अधूरा, टंकी गायब!

कागज़ों में सीमित जल जीवन मिशन – निर्माण कार्य अधूरा, टंकी गायब!

सरगुजा, दिनांक 30 अक्टूबर 2025।

बतौली विकासखंड में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की हकीकत अब उजागर होती जा रही है। ग्राम स्तर पर करोड़ों की योजनाएँ केवल कागज़ों में पूरी दिखाई जा रही हैं, जबकि ज़मीन पर उनकी स्थिति अत्यंत दयनीय है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बतौली विकासखंड में ₹20 लाख 74 हजार की लागत से स्टील स्ट्रक्चर पानी टंकी एवं घरेलू नल कनेक्शन निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था। यह कार्य फरवरी 2022 में प्रारंभ हुआ था और इसे 9 माह की अवधि में पूर्ण किया जाना था।

परंतु वर्ष 2025 तक भी कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। सबसे गंभीर बात यह है कि स्थल पर स्थापित सिंटेक्स पानी टंकी गायब हो चुकी है, जिससे लापरवाही और भ्रष्टाचार की बू साफ महसूस की जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य अधूरा छोड़कर ठेकेदार और संबंधित विभागीय अधिकारी मौन हैं। जिम्मेदार अधिकारी न तो स्थल निरीक्षण कर रहे हैं और न ही किसी प्रकार की जवाबदेही तय की जा रही है। नतीजतन, ग्रामीण आज भी पेयजल सुविधा से वंचित हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी जनहितकारी योजनाएँ केवल दिखावे तक सीमित हैं। इन योजनाओं में व्याप्त अनियमितता और लापरवाही के कारण जनता को मूलभूत सुविधाएँ नहीं मिल पा रही हैं।

इस संबंध में जब जिम्मेदार अधिकारी कपिल वर्मा (इंजीनियर) से जानकारी ली गई, तो उन्होंने कहा —

“उक्त कार्य का अभी बिल तैयार नहीं किया गया है। टंकी गायब होना कोई बड़ी बात नहीं है। अनुबंध के अनुसार यदि टंकी गायब होती है तो ठेकेदार द्वारा पुनः लगाई जाएगी।”

हालाँकि, ग्रामीणों का कहना है कि डेढ़ वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक ठेकेदार द्वारा पानी टंकी दोबारा नहीं लगाई गई है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं तहसील प्रशासन से तत्काल जांच की मांग की है ताकि दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई हो सके।

“हमने साफ पानी की उम्मीद की थी, लेकिन अब टंकी तक गायब है — जिम्मेदार चुप हैं और जनता प्यास से परेशान है।” — स्थानीय ग्रामीण

देखना यह होगा कि क्या प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ ठोस कदम उठाएगा, या यह मामला भी अन्य योजनाओं की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Shaif firdousi
Author: Shaif firdousi

KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज