
Nuh News Today हरियाणा के नूंह जिले की पुनहाना विधानसभा के गांव तिरवाड़ा में आयोजित तीन दिवसीय तबलीगी जलसा सोमवार (27 अक्टूबर) को समाप्त हो गया. यह ऐतिहासिक भव्य, दिव्य धार्मिक आयोजन शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद शुरू हुआ था. इसमें शामिल होने के लिए देश के कोने-कोने से लोग पहुंचे हैं!

नंहू के इस जलसे में कई नामचीन इस्लामिक स्कॉलर के साथ-साथ मौलाना मोहम्मद साद बतौर मेहमान शामिल हुए. इस मौके पर मौलाना मोहम्मद साद ने लोगों से अमन, शांति, भाइचारा और इंसानियत की मिसाल पेश करने की अपील की और सभी लोगों से चाहे वह किसी भी धर्म का हो, के साथ हुस्न सलूक करने की नसीहत दी.
इस तीन दिवसीय तबलीगी जलसे में तीन लाख से ज़्यादा लोगों ने शिरकत की. इतनी बड़ी तादाद में लोगों के आवागमन को देखते हुए, आयोजकों ने करीब 12 एकड़ जमीन पर टेंट लगाया था. यहां रहने, खाने-पीने, वजूखाने, टॉयलेट, मेडिकल कैंप और पार्किंग जैसी तमाम सुविधाएं मुहैया कराई गई थीं. जलसे की व्यवस्थाओं और दूसरे कामों को देखने के लिए तबलीगी जमात के 1000 से ज्यादा वालंटियर्स लगातार तीन दिनों तक जुटे रहे और बगैर किसी भेदभाव के लोगों की मदद की.

इस इज्तेमा की कामयाब बनाने और शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने भी पूरी तैयारियां की थी. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी. इसके अलावा फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को भी मौके पर अलर्ट रखा गया था ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके.
इतवार की देर शाम को जलसा खत्म होने के बाद जब लोग अपने घरों की तरफ लौटने लगे तो इलाके में जाम की स्थिति पैदा हो गई. फिलहाल प्रशासन ने ट्रैफिक को सामान्य बनाए रखने के लिए कई टीमों को तैनात किया है. गौरतलब है कि हर साल की तरह इस साल भी यह तबलीगी जलसा पूरी अमन और भाईचारे के माहौल में खत्म हुआ. हिंदू भाइयों ने लोगों के वेज बिरयानी समेत कई अन्य चीजों का इंतजाम किया था.
Author: Shaif firdousi
KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !









