
राज्य सरकार की लापरवाही से छत्तीसगढ़ की अस्मिता पर लगातार हो रही है चोट : अमित जोगी
रायपुर, 26 अक्टूबर 2025 | जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे)
राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित विशिष्ट चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए अपमान और खंडन की घटना पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने कड़ा विरोध दर्ज किया है। पार्टी अध्यक्ष अमित जोगी ने इस घटना को “राज्य सरकार की पूर्ण असफलता और अराजक शासन” का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक मूर्ति का खंडन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, नारी सम्मान और सामूहिक आस्था पर हमला है। राजधानी के इतने संवेदनशील चौक पर ऐसी घटना घट जाना यह दर्शाता है कि राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

गौरेला की घटना से जुड़ी साजिश का सिलसिला
अमित जोगी ने याद दिलाया कि इससे पहले 29 मई 2025 को गौरेला के ज्योतिपुर चौक पर छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री स्वर्गीय अजीत जोगी की प्रतिमा को भी असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया था। उन्होंने कहा कि उस समय भी प्रशासन की भूमिका संदिग्ध रही और अब रायपुर की यह घटना उसी मानसिकता की निरंतरता है।
जोगी की चार प्रमुख मांगें
1. घटना की उच्च-स्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
2. छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति की गरिमा के साथ पुनर्स्थापना हो।
3. राज्य सरकार यह स्पष्ट करे कि राजधानी के मुख्य चौक पर सुरक्षा चूक कैसे हुई।
4. गौरेला में अजीत जोगी की प्रतिमा के अपमान मामले की निष्पक्ष जांच फिर से की जाए।
अमित जोगी ने कहा, “छत्तीसगढ़ महतारी हमारी अस्मिता का प्रतीक हैं। उनके अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को चेत जाना चाहिए कि अगर उसने संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लिया, तो जनता एकजुट होकर जवाब देगी।”

Author: Shaif firdousi
KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !









