
अहमदाबाद प्लेन क्रैश: उड़ान के कुछ मिनट बाद एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 242 लोगों की मौत
अहमदाबाद, 12 जून 2025: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन (गैटविक) जा रही थी, उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में विमान में सवार सभी 242 लोगों की मौत हो गई है।

उड़ान के तुरंत बाद हुआ हादसा
एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान AI-171 ने दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। लेकिन उड़ान भरने के केवल कुछ ही मिनटों बाद, यह विमान मेघानी नगर के घने रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 232 यात्री और 10 क्रू मेंबर सवार थे।
इलाके में मची तबाही

विमान के घनी आबादी वाले क्षेत्र में गिरने से जमीन पर भी तबाही मच गई। हादसे के बाद विमान में आग लग गई, जिससे पास के मकान भी प्रभावित हुए। स्थानीय लोगों ने बताया कि आसमान से जलता हुआ मलबा गिरता देखा गया। ज़मीन पर मौजूद 6 लोगों की भी इस हादसे में मौत हो गई है।

किसी के ज़िंदा बचने की उम्मीद नहीं
DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) और अहमदाबाद प्रशासन ने इस बात की पुष्टि की है कि हादसे में कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा है। राहत और बचाव कार्य एनडीआरएफ और दमकल विभाग द्वारा तेजी से जारी है। मौके पर मेडिकल टीमें भी तैनात हैं।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल हादसे के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। विमान का ब्लैक बॉक्स खोजा जा रहा है, जिससे हादसे के पीछे की तकनीकी या मानवीय चूक का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक अनुमान तकनीकी खराबी की ओर इशारा करते हैं।
देशभर में शोक की लहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने इस भीषण दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर भी इस हादसे को लेकर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई है।
Author: Shaif firdousi
KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !









