मैनपाट अस्पताल में 5 में से 4 डॉक्टर दूसरी जगह अटैच
मरीज़ हो रहे परेशान

रुपेश गुप्ता– सीतापुर विधायक टोप्पो ने मैनपाट के स्वास्थ्य केन्द्र में किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर जताई नाराजगी; अधिकारियों से माँगी जानकारी।
मैनपाट। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनपाट में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को लेकर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने नाराजगी जताई। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों की कमी, कर्मचारियों के अटैचमेंट, बेड, दवाइयों और साफ-सफाई से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं को लेकर जवाब मांगा और जल्द सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जानकारी सामने आई कि अस्पताल में कुल 5 डॉक्टर पदस्थ हैं, लेकिन इनमें से 4 डॉक्टरों को दूसरी जगह अटैच किया गया है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों को इलाज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने डॉक्टरों के अटैचमेंट को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली और मरीजों को स्थानीय स्तर पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

पचास बिस्तरीय अस्पताल, लेकिन सिर्फ बारह बिस्तर ही उपलब्ध ?
अस्पताल की 50 बेड की क्षमता के मुकाबले मौके पर केवल 12 बेड उपलब्ध होने की बात भी सामने आई। इसके अलावा दवाइयों की उपलब्धता, बेडशीट और साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर भी कमियां मिलीं। विधायक ने अस्पताल प्रबंधन से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मरीजों को सुविधा देने पर जोर
विधायक टोप्पो ने कहा कि मैनपाट क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सरकारी अस्पताल पर निर्भर हैं। ऐसे में अस्पताल में डॉक्टर, दवाइयां, बेड और अन्य जरूरी सुविधाएं पर्याप्त होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से समस्याओं का जल्द निराकरण करने को कहा।
विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से डॉक्टरों और कर्मचारियों के अटैचमेंट की स्थिति की जानकारी लेते हुए अस्पताल की व्यवस्था बेहतर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
Author: Shaif firdousi
KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !











