
हाइलाइट्स:
तेज रफ्तार कार की टक्कर से बड़ा हादसा
दंपती और तीन माह के मासूम की मौके पर मौत
कार सड़क किनारे घर में जा घुसी
कार सवार भी घायल, अस्पताल में भर्ती
अंबिकापुर-रायगढ़ NH-43 पर शुक्रवार सुबह की घटना

नेशनल हाइवे 43, अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को सीधे टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी एवं तीन माह के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद कार सड़क किनारे एक घर के अहाते में जा घुसी। हादसे में कार सवारों को भी चोटें आई हैं। घायलों को सीएचसी सीतापुर में दाखिल किया गया है।
रुपेश गुप्ता SITAPUR
घटना सीतापुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह सीतापुर थाना क्षेत्र के पेटला, दमगड़ा निवासी दंपती बाइक में सवार होकर अंबिकापुर की ओर जा रहे थे। नेशनल हाईवे 32 में बिशुनपुर के पास सुबह करीब 8 बजे अंबिकापुर की ओर से तेज रफ्तार में सीतापुर की ओर जा रही मारुती XL 6 कार CG15-EC-0892 ने बाइक को सीधे टक्कर मार दी। बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर गए। बाइक को टक्कर मारने के बाद बेकाबू कार सड़क किनारे स्थित डा. संतोष टोप्पो के घर की दीवार से जा टकराई।
पति-पत्नी एवं बच्चे की मौत
हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी एवं उनके 3 माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई। मृतकों में सुनील लकड़ा (35 साल), अस्मतिया (28 साल) एवं उनका तीन माह का बच्चा शामिल है। परिजवार जनों ने बताया कि तीन माह के बच्चे को निमोनिया हो गया था, जिसका उपचार करने के लिए दंपती बच्चे को लेकर अंबिकापुर जाने के लिए निकले थे।
डायल 112 की टीम ने तीनों को सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में कार सवारों को भी चोटें आई हैं। कार को आमाटोली निवासी संतोष पैकरा चला रहा था।
कार सवार घायलों में अंजली तिर्की (20) निवासी रजोटी, सुशीला खिंचा (20) निवासी मैनपाट एवं खूशबू पोर्ते (20) निवासी भटको, बतौली शामिल हैं। तीनों उद्यानिकी कॉलेज आमाटोली की छात्राएं हैं। अंजली एवं सुशीला दोनों अपनी सहेली के साथ खुशबू पोर्ते के घर गई थीं।
शुक्रवार को कॉलेज में प्रेक्टिल परीक्षा में शामिल होने के लिए तीनों बतौली बस स्टैंड पहुंचे और बस का इंतजार कर रहे थे। उसी समय एक्सएल 6 वाहन का चालक संतोष पैकरा वहां कार लेकर पहुंचा। उसने छात्राओं को कार चालक ने अपने साथ बैठा लिया। एक छात्रा चालक को पहचानती थी।


तेज रफ्तार के कारण हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान कार की रफ्तार काफी तेज थी। संभवतः कार का चालक नशे की हालत में था और वह कार को नियंत्रित नहीं कर सका। कार ने रांग साइड में आकर बाइक सवार दंपती को चपेट में ले लिया। कार भी सीतापुर क्षेत्र की है। सीतापुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छात्राओं ने बताया कि चालक संतोष पैकरा शराब के नशे में धुत था। उन्होंने सेदम में तीनों को उतारने के लिए भी कहा, लेकिन वह नहीं माना। चालक कार को तेज रफ्तार में चला रहा था, जिसके कारण हादसा हुआ। हादसे में कार का एयरबैग खुल गया, जिससे चालक को चोटें नहीं आईं। छात्राओं के सिर एवं सीने में चोटें आई हैं।
मृत दंपती के दो और बच्चे हैं। इनमें इंदु 8 वर्ष एवं चंदू 6 साल की है। दोनों बच्चों को दंपती घर में परिवारजनों के पास छोड़कर अंबिकापुर जाने के लिए निकले थे।
कार चालक को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया।

Author: Shaif firdousi
KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !









