
Review meeting of revenue officers concluded
Instructions given to resolve revenue cases within the stipulated time period
अम्बिकापुर 24 मार्च 2025 कलेक्टर श्री विलास भोसकर ने जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री भोसकर ने राजस्व अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता को राजस्व प्रकरणों के निराकरण हेतु किसी भी स्थिति में समस्या का सामना न करना पड़े। तहसीलवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में राजस्व प्रकरणों का अनिवार्य रूप से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार, सीमांकन, डायवर्सन, आरबीसी 6-4, आधार सीडिंग, भू-अर्जन प्रकरण, वन अधिकार पट्टा, रबी गिरदावरी, नक्शा बंटाकन आदि सभी राजस्व प्रकरणों के निराकरण प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, श्री अमृत लाल ध्रुव, श्री रामसिंह ठाकुर, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।










