

नई दिल्ली।
भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार शाहरुख खान को उनके करियर का पहला नेशनल अवार्ड मिल गया है। उन्हें फिल्म “जवान” में दमदार अभिनय के लिए बेस्ट एक्टर का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया। यह अवार्ड उन्होंने अभिनेता विक्रांत मैसी के साथ साझा किया है, जिन्हें फिल्म “12th फेल” में अपने शानदार अभिनय के लिए यह सम्मान मिला।
शाहरुख खान के 35 साल के करियर का पहला नेशनल अवार्ड
शाहरुख खान का फिल्मी करियर तीन दशक से भी लंबा रहा है। उन्होंने रोमांस, एक्शन और ड्रामा सभी शैलियों में काम करके दर्शकों के दिलों पर राज किया। लेकिन हैरानी की बात है कि 35 सालों के लंबे करियर में यह उनका पहला नेशनल अवार्ड है। फिल्म “जवान” में उन्होंने डबल रोल निभाकर दर्शकों और समीक्षकों दोनों को प्रभावित किया।
विक्रांत मैसी की सफलता
युवा अभिनेता विक्रांत मैसी को फिल्म “12th फेल” के लिए यह अवार्ड मिला। यह फिल्म लाखों संघर्षरत युवाओं की प्रेरणादायक कहानी है और इसमें विक्रांत ने अपनी गहरी छाप छोड़ी।
रानी मुखर्जी को बेस्ट एक्ट्रेस
इस बार बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवार्ड अभिनेत्री रानी मुखर्जी को मिला। उन्होंने फिल्म “Mrs. Chatterjee vs Norway” में एक मां की संवेदनाओं और संघर्ष को पर्दे पर बेहद असरदार ढंग से उतारा। दर्शकों और समीक्षकों ने रानी के अभिनय को करियर का सर्वश्रेष्ठ कहा था।
फैंस में खुशी की लहर
शाहरुख खान और रानी मुखर्जी दोनों ही बॉलीवुड के दिग्गज सितारे हैं। दोनों की झोली में एक साथ नेशनल अवार्ड आने से उनके फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर #ShahRukhKhan और #RaniMukerji ट्रेंड करने लगे हैं।
Author: Shaif firdousi
KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !









