
पूजा-अर्चना के साथ सीतापुर समिति में धान खरीदी शुरू, पहले दिन 227 क्विंटल की हुई खरीदी
2500 किसानों से 1.25 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य, 10 पंचायतों के 144 किसानों का रकबा शून्य होने से बढ़ी परेशानी
रूपेश गुप्ता–सीतापुर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का इंतजार कर रहे किसानों के लिए सीतापुर सहकारी समिति में सोमवार को विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। पहले दिन समिति में 227 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिल निराला उरांव एवं अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष विंदेश्वरी लाल पैंकरा सरपंच बेरथा खेश ने धान बेचने पहुंचे किसानों को मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने किसानों से चर्चा कर धान खरीदी की व्यवस्थाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। वहीं खरीदी केंद्र के अधिकारियों से चर्चा कर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने की बात कही।

144 किसानों का रकबा हुआ शून्य, कार्यालयों के काट रहे चक्कर
धान खरीदी की शुरुआत के बीच सीतापुर समिति से जुड़ी एक बड़ी समस्या भी सामने आई है। समिति के अंतर्गत आने वाली 10 ग्राम पंचायतों के 144 किसानों का धान बिक्री का रकबा शून्य हो गया है। हैरानी की बात यह है कि इनमें ऐसे किसान भी शामिल हैं, जिन्होंने पिछले वर्ष इसी समिति में अपना धान बेचा था। रकबा शून्य होने के कारण इस वर्ष ये किसान धान बेचने को लेकर परेशान हैं और अपनी समस्या के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
किसानों ने अपनी इस परेशानी से भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिल निराला उरांव को अवगत कराया। इस पर उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि रकबा शून्य होने की समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों से चर्चा की जाएगी और किसानों की परेशानी का निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
2500 किसानों से खरीदी का लक्ष्य
सीतापुर सहकारी समिति के अंतर्गत इस वर्ष करीब 2500 किसानों से धान खरीदी की जाएगी। समिति को लगभग 1 लाख 25 हजार क्विंटल धान उपार्जन का लक्ष्य दिया गया है। इसके अंतर्गत आमाटोली, भवराडांड, बमलाया, देवगढ़, सुर, सोनतराई, सीतापुर, चलता, भिठवा एवं केशला सहित 10 ग्राम पंचायतों के किसान अपना धान विक्रय करते हैं।
धान खरीदी शुरू होने के साथ ही अब किसानों को रकबा शून्य होने जैसी समस्याओं के जल्द निराकरण का इंतजार है, ताकि प्रभावित किसान भी अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेच सकें।












