
पांच साल की मासूम की निर्मम हत्या के बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे टीएस सिंहदेव, 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और राशन सामग्री दी
मुख्यमंत्री के गृह जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना, आरोपी गिरफ्तार लेकिन पीड़ित परिवार को अब तक प्रशासनिक मदद और मुआवजे का इंतजार; खराब रास्ते पर पैदल चलकर पहुंचे कांग्रेस के दिग्गज नेता।
जशपुर/बगीचा SHAIF FIRDOUSI- जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत ग्राम लोधेना (सन्ना क्षेत्र) में पांच साल की मासूम बच्ची की निर्मम हत्या और उसके शरीर से किडनी एवं फेफड़े निकाले जाने के सनसनीखेज मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन इतनी गंभीर घटना के बाद भी पीड़ित कोरवा परिवार तक प्रशासनिक सहायता और मुआवजे की घोषणा नहीं पहुंचने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
इसी बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे। गांव तक पहुंचने का रास्ता बेहद खराब होने के कारण टीएस सिंहदेव सहित कांग्रेस नेताओं को पैदल चलकर परिवार तक पहुंचना पड़ा। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
“लुंड्रा के पूर्व विधायक रामदेव राम ने परिजनों का दर्द बांटते हुए कहा कि यह बेहद हृदयविदारक घटना है। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि न्याय की इस लड़ाई और हर कठिन परिस्थिति में वे उनके साथ हैं।”
टीएस बाबा ने दी 10 हजार की सहायता, राशन सामग्री भी उपलब्ध कराई
पीड़ित परिवार की आर्थिक और पारिवारिक स्थिति को देखते हुए टीएस सिंहदेव ने 10 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके साथ ही परिवार को राशन सामग्री भी उपलब्ध कराई। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री का गृह जिला, फिर भी पीड़ित परिवार तक नहीं पहुंची मदद!
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर खड़ा हो रहा है। जशपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गृह जिला है। इसके बावजूद दूरस्थ आदिवासी अंचल में इतनी गंभीर घटना के बाद पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उनके क्षेत्र में इस तरह की हृदयविदारक घटना पहले कभी नहीं हुई। वहीं परिवार के पिता की तबीयत खराब होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से समय पर सहायता नहीं पहुंचने की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
कांग्रेस के कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान प्रदेश कांग्रेस महामंत्री हलीम फिरदौसी, जशपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पवन अग्रवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बुधराम वनवासी, जफीर चिश्ती, महकुल समाज के प्रदेश अध्यक्ष परमेश्वर यादव, लुंड्रा के पूर्व विधायक रामदेव राम, यूथ कांग्रेस नेता आर्यन गुप्ता, पूर्व जनपद अध्यक्ष जगन राम अर्जुन यादव प्रदेश सदस्य महाकुल समाज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ईएमआरएस शिवपुर का मामला भी उठा, आदिवासी महिला के आरोपों पर कार्रवाई को लेकर सवाल
इस दौरान आदिवासी क्षेत्रों में प्रशासनिक जवाबदेही और गंभीर शिकायतों पर कार्रवाई का मुद्दा भी चर्चा में रहा। सरगुजा के ईएमआरएस शिवपुर में प्राचार्य ओम नारायण श्रीवास्तव पर आदिवासी महिला के साथ छेड़छाड़ के आरोपों को लेकर पहले से विवाद जारी है। इस मामले में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत भी बयान दे चुके हैं। आरोपों और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवालों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर बहस को और तेज कर दिया है।

अब सवाल यह है कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में पांच साल की मासूम की निर्मम हत्या जैसी घटना के बाद भी पीड़ित आदिवासी परिवार को राहत और मुआवजे के लिए इंतजार क्यों करना पड़ रहा है? क्या शासन-प्रशासन पीड़ित परिवार को न्याय, आर्थिक सहायता और सुरक्षा दिलाने के लिए ठोस कदम उठाएगा?












