
एक-दूसरे को बचाने कुएं में कूदे दो ग्रामीण, दोनों की डूबने से मौत
काराबेल मुड़ापारा में दर्दनाक हादसा, अंधेरे में फिसला कमल का पैर तो बचाने के लिए अशोक ने भी लगाई छलांग
रुपेश गुप्ता सीतापुर -ग्राम काराबेल के मुड़ापारा में कुएं में डूबने से दो ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान अशोक बखला (45) पिता सिवमुन और कमल तिर्की (55) पिता बैगा तिर्की के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दोनों ग्रामीण गांव में घूमने के बाद घर लौट रहे थे। इस दौरान अंधेरा होने के कारण कमल तिर्की का पैर फिसल गया और वह पास स्थित गहरे कुएं में जा गिरा। कमल को डूबता देख अशोक बखला उसे बचाने के लिए कुएं में कूद गया। दुर्भाग्यवश दोनों को तैरना नहीं आता था और कुएं में पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके। देखते ही देखते दोनों की डूबने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि कुआं सुनसान इलाके में स्थित था, जिसके कारण घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सकी। बाद में घटना की जानकारी मिलने पर सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।पोस्मार्टम के बाद शव को परिजनों को सौप दिया है पुलिस द्वारा मर्ग क़ायम कर मामले की जाँच की जा रही है।
एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में दोनों ग्रामीणों की जान चली गई। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।












