मुडगांव में ट्रांसफार्मर चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को पकड़ा

मुडगांव में ट्रांसफार्मर चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को पकड़ा
पोल से ट्रांसफार्मर उतारकर वाहन में लोड करने की थी तैयारी, 112 की टीम ने पहुंचकर आरोपी को लिया हिरासत में
दिन में दूसरे जगह ट्रांसफार्मर और केबल लगाने के बाद रात के अंधेरे में करते है चोरी का काला खेल

उदयपुर (सरगुजा)– थाना उदयपुर क्षेत्र के ग्राम मुडगांव में ट्रांसफार्मर चोरी का मामला सामने आया है। बिजली के पोल से ट्रांसफार्मर उतारकर उसे वाहन में लोड कर ले जाने की तैयारी कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए व्यक्ति को उदयपुर थाने ले गई।

जानकारी के अनुसार, ट्रांसफार्मर को पोल से नीचे उतार लिया गया था और उसे लोड कर ले जाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर पड़ गई और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए एक संदिग्ध को पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलने पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) की टीम भी सुबह-सुबह मुडगांव पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।

इस मामले में RDSS योजना के तहत बिजली कार्य कराने वाले पेटी कांट्रेक्टर शमशाद का नाम भी सामने आया है। हालांकि, इस पूरे मामले में उनकी भूमिका क्या है, इसकी पुष्टि पुलिस एवं बिजली विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी।

**पहले भी हो चुकी हैं ट्रांसफार्मर और केबल चोरी की घटनाएं**

CSPDCL के उदयपुर जेई राजेंद्र राजवाड़े ने बताया कि इससे पहले सरगांवा में ट्रांसफार्मर चोरी तथा रकेली जंगलपारा में बिजली केबल चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन मामलों में थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मुडगांव की घटना को लेकर भी नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस और CSPDCL की टीम मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि ट्रांसफार्मर चोरी की इस कोशिश में कौन-कौन शामिल था और इसके पीछे क्या पूरा घटनाक्रम रहा।

**ग्रामीणों की सतर्कता से ट्रांसफार्मर चोरी की कोशिश का मामला सामने आया। अब सबकी नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर है।**

Picture of SNT NEWS

SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज