
जशपुर के बगीचा में वन एवं राजस्व विभाग की बड़ी संयुक्त कार्रवाई: अवैध नीलगिरी लकड़ी लदा ट्रक और क्रेन-लोडर जब्त, तस्करों में हड़कंप
जशपुर (बगीचा):-जशपुर जिले के बगीचा वन परिक्षेत्र में लगातार जारी अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी पर नकेल कसने के लिए वन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने दिनदहाड़े बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मौके से अवैध नीलगिरी लकड़ी से लोड एक ट्रक और लोडिंग कार्य में इस्तेमाल किए जा रहे भारी वाहन को रंगे हाथों जब्त किया गया है।
दिनदहाड़े चल रही थी लोडिंग, टीम ने मारा छापा
बगीचा क्षेत्र में अवैध कटाई की सूचना पर वन विभाग और राजस्व अमले ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पाया गया कि ट्रक क्रमांक JH 018 U 6446 में अवैध रूप से काटी गई नीलगिरी की लकड़ियां लोड की जा रही थीं। लकड़ी लोडिंग के लिए आधुनिक तकनीक वाले हैवी क्रेन/ट्रैक्टर और ग्रैबर जबड़े (Grapple Loader) का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरे ट्रक और लोडिंग ग्रैबर दोनों को मौके से जब्त कर लिया।

तस्करों में मचा हड़कंप, कड़ी कार्रवाई पर टिकी नजरें
प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के लकड़ी तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, अब स्थानीय स्तर पर सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या विभाग ऐसे बड़े मामलों में केवल मामूली जुर्माना लगाकर वाहनों को छोड़ देगा या फिर वन अधिनियम के तहत राजसात और कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगा।












