अंबिकापुर में सड़क, बिजली और पानी की समस्या पर कांग्रेस का हल्ला बोल, निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

अंबिकापुर में सड़क, बिजली और पानी की समस्या पर कांग्रेस का हल्ला बोल, निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

SNT NEWS अंबिकापुर। शहर में बदहाल सड़कें, उड़ती धूल, बंद स्ट्रीट लाइट और पेयजल संकट जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नगर निगम अंबिकापुर के सभापति सफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शहर की सड़कों की स्थिति खराब होने से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों से उड़ती धूल के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद धूल से राहत दिलाने के लिए सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है।

वहीं, शहर के रिंग रोड पर स्ट्रीट लाइट बंद होने से रात के समय आवागमन करने वाले लोगों को अंधेरे में सफर करना पड़ रहा है। इसके अलावा निगम क्षेत्र में पेयजल की समस्या को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए और प्रशासन से तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

दीपावली से पहले व्यवस्था सुधारने का आश्वासन

ज्ञापन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सड़क, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग की। इस पर निगम आयुक्त ने दीपावली से पहले सड़कों की स्थिति सुधारने और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है।

अब देखना होगा कि निगम प्रशासन दीपावली से पहले इन समस्याओं का कितना समाधान कर पाता है। फिलहाल शहरवासियों को बदहाल सड़कों, धूल और अंधेरे से राहत मिलने का इंतजार है।

Picture of SNT NEWS

SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज