
सेवा संकल्प अभियान में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा सेवा संकल्प अभियान में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं का सम्मान
रुपेश गुप्ता—सीतापुर सरगुजा सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीतापुर में ब्लॉक स्तरीय सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिता व प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुई। अतिथियों ने रंगोली व चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम रहीं कुमारी रुकइया की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्हें, स्वागत गीत समूह और नुक्कड़ नाटक मंडली को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिताओं में भाषण में रुकइया, रंगोली में रोशनी लकड़ा, चित्रकला में अनन्या तथा नुक्कड़ नाटक में लाजवंती एवं साथी प्रथम रहे। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद उपाध्यक्ष एवं शिक्षा स्थायी समिति के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल रहे। विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमदान कुजूर, राजकुमार गुप्ता विक्की नामदेव त्रिलोचन सदावर्ती, सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में बीईओ संतोष सिंह, बीआरसी रमेश सिंह, बीपीओ प्रेम कुमार गुप्ता सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं व विद्यार्थी उपस्थित रहे।













