
करंट से शावक की मौत के बाद हाथियों का तांडव: फसलें बर्बाद, घर तोड़ा
सरगुजा। उदयपुर क्षेत्र में बुधवार की रात करंट लगने से एक हाथी के नन्हे शावक की मौत हो गई। इस घटना के बाद हाथियों के दल ने रात भर उत्पात मचाया।
दस बजे रात को हाथियों का दल कर्मकठरा जंगल और रानुमाडा जंगल में दो हिस्सों में बंट गया। वन विभाग की टीम ने रातभर कर्मकठरा जंगल से हाथियों को खदेड़ने की कोशिश की।
रात करीब 10 बजे मोहनपुर उपका में हाथियों ने धान की फसलों को बर्बाद कर दिया। इसके बाद दल मानपुर के कूरमन तालाब में घंटों तक विश्राम करता रहा। आगे जाकर जुकमा के पास पहलवान नामक व्यक्ति का घर भी तोड़ दिया।
वन विभाग की टीम 12 हाथियों के दल को कर्मकठरा जंगल से सफलतापूर्वक खदेड़ने में कामयाब रही। हालांकि सुबह 3 बजे से ये हाथी एक-एक करके वापस कर्मकठरा जंगल की ओर लौटने लगे। अभी भी फूनगी के पास एक हाथी को पार करते देखा गया है।
अभी भी उदयपुर के कर्मकठरा जंगल में 26 हाथियों का दल मौजूद है। वन कर्मचारियों की टीम आसपास निगरानी कर रही है।
शावक की मौत पर जिम्मेदार अधिकारियों और करंट बिछाने वालों के खिलाफ लोगों में आक्रोश है। वन विभाग ने आसपास के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।














