
फुटबॉल फाइनल में गझाडांड ने तालपारा को 2-1 से हराया
फाइनल मुकाबले में शामिल हुए विधायक मिंज, विजेता को 25 हजार और उपविजेता को 12 हजार रुपए व शील्ड
रुपेश गुप्ता लुंड्रा। लुंड्रा ब्लॉक के ग्राम पंचायत लमगांव में गझाडांड और तालपारा के बीच फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में गझाडांड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तालपारा को 2-1 गोल से हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक प्रबोध मिंज ने विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कार प्रदान किए। विजेता गझाडांड टीम को शील्ड के साथ 25 हजार रुपए नगद तथा उपविजेता तालपारा टीम को शील्ड एवं 12 हजार रुपए नगद पुरस्कार दिया गया।
खिलाड़ियों को हार से निराश नहीं होने की सीख

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक प्रबोध मिंज ने दोनों टीमों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दोनों टीमों ने खेल भावना का परिचय देते हुए बेहतर प्रदर्शन किया है। खेल में जीत-हार होती रहती है। एक टीम जीतती है तो दूसरी टीम को हार का सामना करना पड़ता है, लेकिन हारने वाले खिलाड़ियों को निराश नहीं होना चाहिए। अगले वर्ष और बेहतर तैयारी के साथ मैदान में उतरकर जीत हासिल करने का प्रयास करना चाहिए।
विधायक ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, मंडल अध्यक्ष सतीश जायसवाल, दिलीप प्रजापति, राहुल चोपड़ा सहित ग्राम पंचायत के सरपंच एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।












