चलता के राहुल प्रधान का रणजी ट्रॉफी में चयन विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में छत्तीसगढ़ टीम में मिली जगह

रुपेश गुप्ता सीतापुर– सरगुजा विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में छत्तीसगढ़ टीम में मिली जगह; पिता को खेलते देखकर थामा था बल्ला, अब भारतीय टीम में खेलने का लक्ष्य
सीतापुर। सीतापुर ब्लॉक के ग्राम चलता निवासी युवा क्रिकेट खिलाड़ी राहुल प्रधान का चयन छत्तीसगढ़ की सीनियर क्रिकेट टीम में रणजी ट्रॉफी एलीट 2026-27 के लिए हुआ है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की चयन सूची में राहुल को विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में टीम में जगह मिली है।

ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर रणजी ट्रॉफी तक पहुंचे राहुल की इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित चलता और सीतापुर क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खुशी है।
पिता को खेलते देखकर क्रिकेट से जुड़ा
राहुल को क्रिकेट की प्रेरणा अपने पिता घनश्याम प्रधान से मिली। घनश्याम प्रधान अपने समय में अच्छी क्रिकेट खेलते थे। पिता को मैदान पर क्रिकेट खेलते देखकर राहुल भी इस खेल की ओर आकर्षित हुए और उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया। इसके बाद लगातार अभ्यास और मेहनत के जरिए उन्होंने बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग में भी अपनी प्रतिभा निखारी।


शैलेश सिंह ने प्रतिभा देखकर बढ़ाया हौसला
राहुल की प्रतिभा को देखते हुए पूर्व जनपद उपाध्यक्ष शैलेश सिंह ने उन्हें आगे बढ़ाने में सहयोग किया। राहुल को बेहतर अभ्यास की सुविधा मिल सके, इसके लिए स्कूल ग्राउंड में नेट प्रैक्टिस की व्यवस्था तैयार कराने में मदद की गई। इससे राहुल को नियमित अभ्यास करने का अवसर मिला।


शैलेश सिंह ने कहा कि राहुल शुरू से ही क्षेत्र का होनहार खिलाड़ी रहा है। क्षेत्र में और भी कई प्रतिभावान खिलाड़ी थे, लेकिन संसाधनों और सुविधाओं के अभाव में उन्होंने क्रिकेट से दूरी बना ली। यदि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और अभ्यास के संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो क्षेत्र से बड़ी संख्या में प्रतिभावान खिलाड़ी सामने आ सकते हैं।
सफलता का श्रेय माता-पिता और कोच को
रणजी टीम में चयन के बाद राहुल प्रधान ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और कोच को दिया। राहुल का कहना है कि परिवार ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया और कोच से उन्हें लगातार मार्गदर्शन मिला। उन्होंने कहा कि वह लगातार मेहनत कर रहे हैं और आगे भी मेहनत जारी रखेंगे। उनका लक्ष्य भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलना है।
सौराष्ट्र के खिलाफ पहला मुकाबला
रणजी ट्रॉफी के पहले चरण में छत्तीसगढ़ की टीम सौराष्ट्र, पंजाब, आंध्र और हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले खेलेगी। पहला मुकाबला 11 से 14 अक्टूबर तक राजकोट में सौराष्ट्र के खिलाफ होना है। इसके बाद पंजाब, आंध्र और हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले होंगे।
राहुल की यह उपलब्धि सीतापुर के ग्रामीण अंचल के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनी है। सीमित संसाधनों के बीच लगातार मेहनत कर रणजी टीम तक पहुंचे राहुल अब बड़े मंच पर अपने प्रदर्शन से पहचान बनाने की तैयारी में हैं।

Picture of SNT NEWS

SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज