
बलरामपुर में 50 लाख का गांजा जब्त, पिकअप के गुप्त चैंबर से 109 किलो 235 ग्राम बरामद
बलरामपुर से विजय सिंह की रिपोर्ट बलरामपुर- जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप वाहन के गुप्त चैंबर से 109 किलो 235 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने बिहार के बक्सर जिले के निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गुप्त चैंबर बनाकर हो रही थी गांजे की तस्करी
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो पिकअप वाहन के जरिए ओडिशा से गांजा बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की और चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रहे एक बोलेरो पिकअप वाहन को पुलिस ने रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के डाले के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबर का पता चला। चैंबर को खोलने पर उसमें गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे।
100 पैकेट में मिला 109 किलो से ज्यादा गांजा
पुलिस ने गुप्त चैंबर से कुल 100 पैकेट गांजा बरामद किया। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 109 किलो 235 ग्राम पाया गया। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई है।
बक्सर का आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मामले में पुलिस ने वाहन चालक योगीराज, निवासी बक्सर, बिहार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली बलरामपुर में NDPS Act के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की तलाश में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे बिहार में किसे पहुंचाया जाना था।
बलरामपुर से विजय सिंह की रिपोर्ट।












