
बैगा संस्कृति बचाने ग्राम बैगा और सरपंचों की बैठक
विधायक टोप्पो बोले- आदिवासी अंचल की पहचान है पारंपरिक पूजा पद्धति, संरक्षण जरूरी
रुपेश गुप्ता -सीतापुर सरगुजा सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बैठक हॉल में गुरुवार को ब्लॉक स्तरीय ग्राम बैगा एवं सरपंचों की बैठक सम्पन्न हुई। क्षेत्र की पारंपरिक बैगा पूजा पद्धति एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को लेकर मंथन किया गया। बैठक में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। चोरकी पानी धाम समिति के पदाधिकारी सहित नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बैगा समाज की पारंपरिक पूजा पद्धति के अनुसार धूप, धवन और दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान बैठक में शामिल ग्राम बैगा और सरपंचों ने अपनी पारंपरिक संस्कृति को संरक्षित रखने को लेकर विचार रखे।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि बैगा समाज की पूजा पद्धति और संस्कृति आदिवासी अंचल की पहचान है। आधुनिकता के दौर में यह परंपरा धीरे-धीरे कमजोर हो रही है। ऐसे में इसे संरक्षित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्राम बैगा और सरपंचों से अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
चोरकी पानी धाम में हर पंचायत से मिट्टी पहुंचाने की अपील
बैठक में चोरकी पानी धाम में निर्माणाधीन बाबा भोलेनाथ मंदिर को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक ने सीतापुर विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों से एक-एक मुट्ठी मिट्टी मंदिर के गर्भगृह में अर्पित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे मंदिर निर्माण में क्षेत्र की सभी पंचायतों की सहभागिता सुनिश्चित होगी।
बैठक में सीतापुर विकासखंड की विभिन्न पंचायतों से पहुंचे ग्राम बैगा एवं सरपंचों ने बैगा संस्कृति को जीवित रखने, उसके संवर्धन और क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया। उपस्थित लोगों ने पारंपरिक विरासत को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों को इससे जोड़ने पर जोर दिया।













