
2.22 करोड़ की नहर पहली बारिश में टूटी, 23 किसानों ने कलेक्टर से की EE को निलंबित करने और ठेकेदार पर FIR की मांग –
सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर राजेश गुप्ता
सूरजपुर/भैयाथान जनदर्शन टोकन क्रमांक – 2250326002085 दिनांक – 21/09/2026
सरगुजा न्यूज़ टुडे ब्यूरो चीफ सूरजपुर राजेश गुप्ता सूरजपुर। जिले के भैयाथान विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बैजनाथपुर ‘ब’ में जल संसाधन विभाग द्वारा बनाया गया जलाशय की नहर निर्माण कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है।
समस्त ग्रामवासी एवं किसानों द्वारा जिला कलेक्टर जनदर्शन में दी गई शिकायत के अनुसार ग्राम बैजनाथपुर ‘ब’ में जलाशय नहर का निर्माण 2 करोड़ 22 लाख 79 हजार रुपये की लागत से 30 जून 2026 को पूर्ण होना बताया गया है। लेकिन पहली ही बरसात में नहर जगह-जगह दरारों के साथ खण्ड-खण्ड में टूट गई है। जिससे शासन को करोड़ों की क्षति हुई है।
*ग्रामीणों ने शिकायत में 3 गंभीर आरोप लगाए हैं -*
*1. 50-60 किसानों के विरोध के बाद भी पास किया काम:* नहर निर्माण के दौरान ही 50 से 60 किसानों व ग्रामीणों ने घटिया निर्माण व भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर काम बंद कराया था और सीएम हेल्पलाईन नंबर 1076 में शिकायत की थी। परंतु कार्यपालन अभियंता एवं संबंधित इंजीनियर ने मिलीभगत कर शिकायत को निराधार बता दिया और बिना गुणवत्ता जाँचे घटिया निर्माण को पास कर दिया।
2. खबर प्रकाशित होते ही थूक-पॉलिश मरम्मत:* न्यूज में खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन हरकत में आया और आनन-फानन में मजदूर लगाकर मरम्मत शुरू की गई, लेकिन मरम्मत के नाम पर केवल ऊपर-ऊपर से सीमेंट का घोल लगाकर थूक-पॉलिश किया जा रहा है।
*3. नहर खोखली, ऊपर चलने पर धम-धम की आवाज:* ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में जितना भी नहर बना है घटिया स्तर का बना है। नहर के ऊपर चलने पर धम-धम की आवाज आ रही है कि नीचे से खोखला है। एक ही ढलाई में नहर टूट रहा है, जैसा निर्माण है उससे लगता है कि यह नहर साल-दो-साल भी नहीं टिकेगा।
कलेक्टर से 4 बड़ी मांग –
ग्रामीणों ने जनहित और किसान हित में मांग की है कि –
1. इस नहर में प्रयुक्त मटेरियल (सीमेंट, सरिया, गिट्टी) का सैंपल लेकर लैब से जाँच कराई जाए।
2. इस पूरे भ्रष्टाचार में संलिप्त कार्यपालन अभियंता एवं संबंधित SDO / सब इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए।
3. दोषी ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर FIR दर्ज की जाए।
4. थूक-पॉलिश मरम्मत को तत्काल रोका जाए और पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जाँच और गुणवत्तापूर्ण निर्माण का आश्वासन नहीं मिलता तब तक नहर से संबंधित कोई भी कार्य नहीं करने दिया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि गुणवत्तायुक्त कार्य नहीं हुआ तो वे आंदोलन को विवश होंगे।
प्रतिलिपि – माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन रायपुर, प्रमुख अभियंता जल संसाधन विभाग, अधीक्षण अभियंता जल संसाधन मण्डल अंबिकापुर, अनुविभागीय अधिकारी भैयाथान को सादर सूचनार्थ प्रेषित।
शिकायतकर्ता – सोमार साय, द्वारिका गुप्ता, पारसनाथ, जयसंत लाल, अजय गुप्ता सहित समस्त ग्रामवासी ग्राम पंचायत बैजनाथपुर ‘ब’, विकासखण्ड भैयाथान, जिला सूरजपुर।














