छिंदकालो चौक से कोटिया-शिवपुर तक ₹8.26 करोड़ की सड़क निर्माण का भूमि पूजन

छिंदकालो चौक से कोटिया-शिवपुर तक ₹8.26 करोड़ की सड़क निर्माण का भूमि पूजन
विधायक प्रबोध मिंज ने किया भूमिपूजन, बोले—गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा

रुपेश गुप्ता-विकासखंड अंबिकापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटिया में आज रविवार को छिंदकालो चौक से कोटिया होते हुए शिवपुर तक पुल-पुलिया सहित ₹826.21 लाख (₹8 करोड़ 26 लाख 21 हजार) की लागत से होने वाले सड़क निर्माण कार्य का भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने विधायक श्री मिंज का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके पश्चात विधायक ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी


भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि छिंदकालो चौक से कोटिया होते हुए शिवपुर तक सड़क निर्माण क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी। आज ₹8 करोड़ 26 लाख 21 हजार की लागत से इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन होना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है।
उन्होंने कहा कि यह सड़क अंबिकापुर विकासखंड के दर्जनों गांवों को मुख्य मार्ग से सीधे जोड़ेगी। बरसात के दिनों में सड़क पर पानी भरने, कीचड़ होने और आवागमन बाधित होने से ग्रामीणों, किसानों तथा स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को इन समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य समय पर पूरा कराया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। सरकार का लक्ष्य गांव-गांव तक पक्की सड़क, बिजली और किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाना है। इसी दिशा में क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में श्री विजय व्यापारी, सभापति श्री विनय त्रिपाठी, मंडल महामंत्री श्री शिवचरण गिरी, मंडल महामंत्री श्री गुरुशरण सिंह, आदिवासी मोर्चा जिला महामंत्री श्री चंद्रशेखर सिंह, शक्ति केंद्र सहसंयोजक श्री पी.सी. सूर्यवंशी, जिला कार्यसमिति सदस्य, सरपंच श्री रामलाल, सरपंच श्रीमती रीता सिंह, सरपंच श्री वायुश्री सिंह, सरपंच श्री लालू प्रसाद यादव, युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री मोती दास, मंडल उपाध्यक्ष श्री अजित सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री सुरेंद्र नायक, एससी मोर्चा अध्यक्ष श्री दिलीप कश्यप, मंडल मंत्री श्री राजेश राजवाड़े, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के श्री सुरेंद्र विश्वकर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी, बूथ अध्यक्ष श्री सुखराज सिंह सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Shaif firdousi
Author: Shaif firdousi

KTUJM से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि प्राप्त !

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज