सीतापुर के सैकड़ों कांवड़ियों ने कैलाश गुफा में किया जलाभिषेक

सीतापुर के सैकड़ों कांवड़ियों ने कैलाश गुफा में किया जलाभिषेक

रुपेश गुप्ता SNT NEWS
35 वर्षों से जारी है पैदल कांवड़ यात्रा, महिला-पुरुषों के साथ बच्चों ने भी लिया हिस्सा

सीतापुर। सावन माह के तीसरे सोमवार के अवसर पर सीतापुर क्षेत्र से सैकड़ों की संख्या में शिवभक्त कांवड़ियों ने कैलाश गुफा पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।

प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी सीतापुर कांवड़िया सेवा समिति के तत्वावधान में कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। पिछले करीब 35 वर्षों से लगातार श्रद्धालु मंगरेलगढ़ स्थित मांड़ नदी से पवित्र जल लेकर लगभग 50 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए कैलाश गुफा पहुंचते हैं। यहां भगवान शिव के मंदिर में विधि-विधान से जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की जाती है।

इस वर्ष भी यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ पैदल यात्रा पूरी कर कैलाश गुफा में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा मार्ग हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा।


कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीतापुर कांवड़िया सेवा समिति के सदस्यों द्वारा प्रतिवर्ष निःशुल्क सेवा व्यवस्था की जाती है। समिति की ओर से कांवड़ियों के लिए नाश्ता, दोपहर का भोजन, रात्रि भोजन के साथ ही ठहरने की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाती है।

श्रद्धालुओं ने समिति के सदस्यों द्वारा की जा रही सेवा की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र की धार्मिक आस्था और आपसी भाईचारे का प्रतीक बन चुकी है।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज