एक माह में दूसरी बार श्री श्याम जनरल स्टोर में चोरी, डेढ़ लाख नकदी सहित सामान पार लगातार वारदातों से व्यापारियों में आक्रोश, रात्रिकालीन गश्त पर उठे सवाल

एक माह में दूसरी बार श्री श्याम जनरल स्टोर में चोरी, डेढ़ लाख नकदी सहित सामान पार
लगातार वारदातों से व्यापारियों में आक्रोश, रात्रिकालीन गश्त पर उठे सवाल


रुपेश गुप्ता सीतापुर, 4 अगस्त। नगर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए देर रात श्री श्याम जनरल स्टोर को निशाना बनाया। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और गल्ले में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी सहित किराना सामग्री चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह दुकान संचालक को हुई, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में व्यापारी व स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक सीताराम गोयल सुबह अपने बेटों के साथ दुकान पहुंचे तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ था और भीतर सामान बिखरा पड़ा था। चोर गल्ला तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो चुके थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान में रखे अन्य कीमती सामान की भी चोरी हुई है।

बताया जा रहा है कि एक माह के भीतर इसी दुकान में यह दूसरी चोरी की घटना है। इससे पहले भी चोर शटर तोड़कर दुकान से कीमती सामान चोरी कर चुके हैं। इसके अलावा पुराने बस स्टैंड क्षेत्र की अन्य दुकानों में भी पूर्व में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।



घटना की सूचना मिलते ही नगर के व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि लगातार वारदातों के बावजूद चोरों के हौसले बुलंद हैं और प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से व्यापारियों में भय का माहौल है।

पीड़ित व्यापारी ने मामले की शिकायत सीतापुर थाने में दर्ज कराते हुए चोरी गई नकदी एवं सामान की बरामदगी तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। एक ही दुकान में एक माह के भीतर दूसरी चोरी की घटना ने नगर की कानून-व्यवस्था और पुलिस की रात्रिकालीन निगरानी पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज