Skip to main content

Surguja News Today

अंबिकापुर: हॉस्टल अधीक्षिका पर प्रताड़ना का आरोप, मिशन स्कूल राई की छात्राओं ने खोला मोर्चा, कलेक्टर से मिलने पैदल निकलीं

अंबिकापुर। जिले के मिशन स्कूल राई, रघुनाथपुर की छात्राओं ने बुधवार को हॉस्टल अधीक्षिका पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। अपनी शिकायत लेकर छात्राएं पैदल ही अंबिकापुर कलेक्टर से मिलने के लिए रवाना हो गईं। करीब 15 किलोमीटर की इस पैदल यात्रा की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी और स्कूल प्रबंधन मौके पर पहुंचे तथा छात्राओं को समझाइश देकर वापस स्कूल लाया गया। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से बातचीत की और पूरे मामले की जानकारी ली। डीईओ ने स्कूल प्रबंधन को छात्राओं की शिकायतों का गंभीरता से निराकरण करने तथा हॉस्टल की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं।

छात्राओं का आरोप है कि हॉस्टल अधीक्षिका द्वारा लंबे समय से उनके साथ प्रताड़नापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने अधीक्षिका को तत्काल हटाने की मांग भी की है।

इसी बीच एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति छात्राओं को डांटते हुए स्कूल की प्रतिष्ठा और मान-सम्मान का हवाला देता नजर आ रहा है। इस घटनाक्रम के बाद यह सवाल भी उठने लगा है कि यदि छात्राएं पहले से अपनी समस्याओं की जानकारी दे रही थीं, तो उनकी शिकायतों का समय पर समाधान क्यों नहीं किया गया।

अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच के बाद केवल व्यवस्थाओं में सुधार तक ही कार्रवाई सीमित रहेगी या आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज