Skip to main content

Surguja News Today

KCC घोटाले में सीतापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दैनिक वेतनभोगी कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार, अन्य आरोपी अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर

कथित केसीसी घोटाले में सीतापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दैनिक वेतनभोगी कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार, अन्य आरोपी अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर

(Rupesh gupta)
सीतापुर/सरगुजा– जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अंबिकापुर की पेटला शाखा में सामने आए कथित केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) ऋण घोटाले में सीतापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 188/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318, 316(5), 61(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज है। इस प्रकरण में दीपक कुमार चक्रधारी (29 वर्ष), निवासी अखोराकला, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर, जो तत्कालीन दैनिक वेतनभोगी कंप्यूटर ऑपरेटर था, को 19 जुलाई 2026 को दोपहर 2:30 बजे गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, जिला कलेक्टर सरगुजा द्वारा गठित जांच दल ने पेटला शाखा में 127 किसानों के कथित फर्जी हस्ताक्षर कर ₹1,92,82,096 की राशि आहरित किए जाने की अनियमितता पाई थी। जांच प्रतिवेदन में तत्कालीन प्रभारी शाखा प्रबंधक, सहायक लेखापाल, कैशियर, सामान्य सहायक, दैनिक वेतनभोगी कंप्यूटर ऑपरेटर, प्राधिकृत अधिकारियों, वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक एवं समिति प्रबंधक सहित कई अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका सामने आने की बात कही गई है। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय के निर्देश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान आरोपी दीपक कुमार चक्रधारी के विरुद्ध साक्ष्य मिलने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 1 अगस्त 2026 तक न्यायिक रिमांड दिए जाने का अनुरोध किया है।

फिलहाल प्रकरण की विवेचना जारी है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई जारी होने की जानकारी दी गई है।

नोट: यह मामला अभी विवेचनाधीन है। जांच पूरी होने और न्यायालय में सुनवाई के बाद ही आरोपों की अंतिम पुष्टि होगी।

SNT NEWS
Author: SNT NEWS

आपकी सोच से भी तेज Contact for news - advertisement 9131952416

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज